ऐलनाबाद उपचुनाव : अभय चौटाला ने दाखिल किया अपना नामांकन पत्र, कांग्रेस पर लगाया आरोप

Summary :

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में शुक्रवार को पार्टी उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में शुक्रवार को पार्टी उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। तीन केंद्रीय कृषि कानूनों का विरोध करते हुए अभय चौटाला ने इस साल जनवरी में इस सीट से इस्तीफा दे दिया था।
इसी वजह से यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं। इस सीट पर 30 अक्टूबर को वोट पड़ेंगे। भाजपा-जजपा गठबंधन ने गोविंद कांडा को मैदान में उतारा है जो हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। कांग्रेस ने पवन बेनीवाल को टिकट दिया है।
एलेनाबाद के लोगों की राय लेने के बाद ही दिया था इस्तीफा- चौटाला 
चौटाला ने नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए दोहराया कि उन्होंने एलेनाबाद के लोगों की राय लेने के बाद ही विधायक पद से इस्तीफा दिया था। नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन था। चौटाला ने कांग्रेस पर किसानों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि प्रमुख विपक्षी दल के सभी 31 विधायकों ने उनके साथ इस्तीफा दे दिया होता तो कृषि कानूनों के मुद्दे पर भाजपा नीत सरकार पर दबाव बनता।
उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ गठबंधन के कई विधायकों को भी किसानों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए इस्तीफा देने की खातिर मजबूर किया गया होगा, जिससे किसान विरोधीÓ सरकार गिर जाती। चौटाला ने कहा कि अगर कांग्रेस के विधायक भी इस्तीफा दे देते तो राज्य में मध्यावधि चुनाव होते न कि उपचुनाव। ऐलनाबाद सीट पर 30 अक्टूबर को मतदान के बाद मतों की गिनती दो नवंबर को होगी।

Desk Team