फरीदाबाद आग हादसा : आग लगने से मां और 2 बच्चों की मौत

Summary :

डबुआ कॉलोनी में एक इमारत के भूतल पर आग लगने से निकले धुएं में दम घुटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जिनमें एक महिला और उसके दो बच्चे शामिल हैं।

फरीदाबाद : डबुआ कॉलोनी में एक इमारत के भूतल पर आग लगने से निकले धुएं में दम घुटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जिनमें एक महिला और उसके दो बच्चे शामिल हैं। 
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इमारत के भूतल पर कपड़े की दुकान थी जिसमें आग लग गई। इमारत की पहली और दूसरी मंजिल पर स्कूल का संचालन होता है। स्कूल संचालक विशाल अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहता है। 
जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त स्कूल संचालक आग बुझाने नीचे आया था। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और धुआं पहली और दूसरी मंजिल तक जा पहुंचा। धुएं में दम घुटने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी जिनमें 32 वर्षीय नीता, उनकी बेटी 7 वर्षीय यशिका और बेटा 5 वर्षीय लक्की शामिल थे। 
पुलिस ने बताया कि तीनों धुएं के कारण बेहोश हो गए। घटना की सूचना पाकर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के साथ ही घर में फंसे लोगों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। 
अधिकारी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। 
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह का कहना है कि आग लगने का क्या कारण था, फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। अग्रिशमन विभाग की गाडिय़ों ने आग पर लगभग काबू पा लिया है। 

Shera Rajput