इन्द्री: करनाल-यमुनानगर स्टेट हाइवे पर समौरा गांव के समीप रविवार देर शाम अज्ञात कार सवारों द्वारा बाइक सवारों पर फायर करने का मामला सामने आया है और बाइक सवार एक व्यक्ति को अपहरण करके अज्ञात लोग कार में डालकर ले गए जबकि दो युवक बाइक रोड पर छोड़कर समौरा गांव मेंं घुस गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। फिलहाल इंद्री पुलिस ने घटना के संबंध में कोई पुष्टि नहीं की। सूचना मिलने पर डीएसपी कुशलपाल भी घटना स्थल पर पहुंचे।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्यां में ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक करनाल की तरफ जा रहे थे अचानक एक कार आई। कार में सवार लोगों ने बाइक सवारों के साथ छीनाझपटी करते हुए उनपर तीन-चार राऊंड फायर कर दिए। कार सवारों ने बाइक सवारों में से एक व्यक्ति को कार में डाल लिया और उसे लेकर फरार हो गए जबकि बाइक सवार दो व्यक्ति गांव के अंदर भाग गए। इंद्री पुलिस थाना प्रभारी राजीव ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही कुछ बता पायेंगे।
– नरेन्द्र धूमसी


Download Android App
Download iOS App



