मोदी से मिले भाजपा के पांच नवनिर्वाचित मेयर

Summary :

हरियाणा में पिछले दिनों हुए 5 नगर निगम चुनाव में विजयी रहे BJP के पांचों मेयर PM नरेंद्र मोदी से मिले। इन मेयरों की अगुवाई मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की।

नई दिल्ली : हरियाणा में पिछले दिनों हुए पांच नगर निगम चुनाव में विजयी रहे भाजपा के पांचों मेयर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। इन मेयरों की अगुवाई मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की। नगर निगम चुनाव में शानदार जीत से भाजपा खासी उत्साहित है। मुख्यमंत्री मनोहरलाल नवनिर्वाचित मेयरों को मिलवाने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्य की राजनीतिक हालात की जानकारी दी।

मेयरों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद भवन में मुलाकात की। मुलाकात के बाद प्रदेश प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संसद भवन में केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह से भी चर्चा की। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला भी रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवनिर्वाचित मेयरों को जीत की बधाई दी। मेयरों ने चुनाव और अपने राजनीतिक सफर के बारे में प्रधानमंत्री को बताया। प्रधानमंत्री ने मेयरों से 2019 के लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनावों के लिए अभी से तैयारियों में जुट जाने को कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में ऐसी ही कामयाबी दोहरानी है। प्रधानमंत्री ने मिशन 2019 के लिए उनको खास टिप्स भी दिए।

बता दें कि हरियाणा में इसी माह हुए करनाल, पानीपत, यमुनानगर, हिसार और रोहतक के नगर निगम चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की थी। पहली बार मेयर के हुए सीधे चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों ने सभी नगर निगमों में जीत दर्ज की थी। इसके बाद सोमवार को मुख्यमंत्री पांचों मेयरों की प्रधानमंत्री से मिलवाने लेकर नई दिल्ली पहुंचे।

प्रधानमंत्री से पानीपत नगर निगम की मेयर अवनीत कौर, हिसार नगर निगम के मेयर गौतम सरदाना, रोहतक नगर निगम के मेयर मनमोहन गोयल, यमुनानगर नगर निगम के मेयर मदन सिंह और करनाल नगर निगम की मेयर रेणुबाला गुप्ता मिले।

Desk Team