सरकार किसानों की नहीं ले रही सुध

Summary :

इनेलो विधायक चौधरी अभय सिंह चौटाला ने अपने चार दिवसीय धन्यवादी दौरे के दौरान ऐलनाबाद हलके के कई गांवों का दौरा किया तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही उनका निदान भी किया।

सिरसा : इनेलो विधायक चौधरी अभय सिंह चौटाला ने अपने चार दिवसीय धन्यवादी दौरे के दौरान ऐलनाबाद हलके के कई गांवों का दौरा किया तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही उनका निदान भी किया। दौरे के दूसरे दिन की शुरूआत उन्होंने अरनियावाली से की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आप लोगों ने मुझे जीताकर विधानसभा में भेजा है, मैं भी हर समय आपके साथ खड़ा रहूंगा और आप की कोई भी समस्या हो, उसे हल करने में पीछे नहीं हटूंगा। 
इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि यदि उनके बच्चों के पास आईटीआई का डिप्लोमा है तो वह अपना रिज्यूम मुझे दे ताकि मैं उसके रोजगार का इंतजाम कर सकू। उन्होंने कहा कि गांवों में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। सरकार किसानों की सुध नहीं ले रही। किसानों को फसलों का पूरा दाम नहीं मिल रहा है। गांवों में आधारभूत सुविधाएं न के बराबर हैं। स्कूलों के हालत खराब हैं तथा शिक्षकों की कमी है। 
इनेलो नेता ने कहा कि गठबंधन सरकार के नेता चुनाव से पूर्व किसानों के भले के लिए बड़े-बड़े वादे करते थे कि किसानों की आय दुगुनी करेंगे, मगर अब सत्ता में आने के बाद गठबंधन के नेता किसानों को भूल गए हैं। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट पर गठबंधन सरकार के नेता एक शब्द नहीं बोल रहे हैं। 
इससे साफ हो गया है कि गठबंधन में शामिल दलों को किसानों की कोई चिंता नहीं है लेकिन इनेलो किसानों की अनदेखी नहीं होने देगा। इनेलो हमेशा किसानों की लड़ाई लड़ता रहा है और आगे भी किसानों की हर समस्या को विधानसभा से सडक़ तक उठाई जाएगी।

Desk Team