Haryana Girls Cervical Cancer Vaccination: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश की बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए बताया कि राज्य में करीब 3 लाख लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीन (HPV) निःशुल्क लगाई जाएगी। इस अभियान के तहत अब तक लगभग 3280 किशोर लड़कियों को यह सुरक्षा कवच प्रदान किया जा चुका है।
HPV वैक्सीन से कैंसर सुरक्षा: Aarti Singh Rao

आरती सिंह राव ने जानकारी दी कि वर्तमान में 14 साल की लड़कियों की सटीक सूची तैयार करने के लिए सभी जिलों में ‘हेड काउंट सर्वे’ करने के निर्देश जारी किए गए हैं। राज्य में इस टीकाकरण के लिए लक्षित किशोर लड़कियों की संख्या कुल आबादी का लगभग 1 प्रतिशत अनुमानित है। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी, 2026 को हरियाणा में इस मिशन की शुरुआत की गई थी।
यह वैक्सीन विशेष रूप से HPV के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है, जो सर्वाइकल कैंसर के मुख्य कारक माने जाते हैं। इसके साथ ही यह टाइप 6 और 11 से भी बचाव करती है। इस टीकाकरण अभियान के प्राथमिक लाभार्थी वे किशोरियां हैं जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं।
Haryana News: टीकाकरण केंद्रों पर जलपान की व्यवस्था
स्वास्थ्य मंत्री ने टीकाकरण प्रक्रिया के दौरान विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी मेडिकल और पैरा-मेडिकल स्टाफ यह सुनिश्चित करें कि वैक्सीन लगवाते समय किशोरी खाली पेट न हो। अभिभावकों को भी यह परामर्श दिया गया है कि वे अपनी बेटियों को टीकाकरण से पूर्व कुछ खिलाकर लाएं। प्रशासन द्वारा टीकाकरण केंद्रों पर जलपान की विशेष व्यवस्था भी की गई है ताकि कोई भी बेटी खाली पेट न रहे।
Free HPV Vaccine: टीकाकरण के बाद 30 मिनट का अवलोकन
टीकाकरण के पश्चात सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किशोरियों को 30 मिनट तक स्वास्थ्य केंद्र पर ही रुकने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों पर ऑब्ज़र्वेशन रूम में ऐसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे बच्चों का ध्यान दर्द या घबराहट से हट सके और तनाव मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। आरती सिंह राव ने स्पष्ट किया कि टीकाकरण से पूर्व माता-पिता या अभिभावकों से OTP-आधारित अथवा लिखित सहमति अनिवार्य रूप से ली जा रही है।
साथ ही, वैक्सीन लगाने से पहले लाभार्थियों की गर्भावस्था, पुराने टीकाकरण इतिहास, किसी गंभीर एलर्जी या बीमारी की गहन स्क्रीनिंग की जाती है। यह पूरी प्रक्रिया प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में PHC स्तर तक के निर्धारित केंद्रों पर पूरी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लाभार्थियों को हल्के साइड इफ़ेक्ट जैसे सामान्य बुखार या बदन दर्द के प्रति जागरूक कर आवश्यक परामर्श भी दिया जा रहा है।
Haryana Girls Cervical Cancer Vaccination: टीकाकरण डेटा U-WIN पर दर्ज
डिजिटल इंडिया की दिशा में कदम बढ़ाते हुए, सभी टीकाकरण का डेटा ‘U-WIN’ पोर्टल पर रियल-टाइम में दर्ज किया जा रहा है, जिससे लाभार्थियों को तुरंत डिजिटल सर्टिफिकेट प्राप्त हो सके। मंत्री ने इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए हैं, ताकि समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचे कि सरकार द्वारा यह जीवन रक्षक टीका पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।






















