चीन के वुहान से शुरू हुआ कोरोना वायरस का प्रकोप पूरे देश में जारी है। इस वायरस से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने मंगलवार को हाल में चयनित 400 से अधिक डॉक्टरों को नियुक्त करने का फैसला किया है। इसके अलावा इस संक्रमण के खिलाफ मुहिम में विभागों के लिए सौ करोड़ रुपये की निधि का सृजन किया है। सरकार ने अन्य स्वास्थ्य उपायों के अलावा, पीड़ितों के इलाज के लिए अस्पतालों को अधिसूचित करने के अलावा चार स्थानों पर निजी प्रयोगशालाओं को जांच करने की अनुमति देने का फैसला किया।
निजी प्रयोगशालाओं द्वारा की जाने वाली जांच की लागत राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मंगलवार को यहां मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा की अध्यक्षता में आयोजित संकट समन्वय समिति की बैठक के दौरान ये निर्णय लिए गए। सरकार ने हाल ही में चयनित 447 चिकित्सकों को तुरंत नियुक्ति पत्र जारी करने का फैसला किया। उन्हें चिकित्सा अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान, स्वास्थ्य, राजस्व, गृह और शहरी स्थानीय निकायों के लिए 100 करोड़ रुपये की निधि का सृजन किया गया है। हरियाणा सरकार ने गुड़गांव, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, झज्जर, रोहतक और पंचकूला जिलों में 31 मार्च तक लॉकहाउन (बंद) के आदेश दिये थे लेकिन इसके बाद इसे पूरे राज्य में करने का फैसला किया।
अधिकारियों ने बताया कि हालांकि सभी आवश्यक और आपात सेवाओं को इससे छूट दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



