रोहतक : नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने जेएनयू में हुए छात्र-छात्राओं पर हमले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए थी। साथ ही उन्होंने गठबंधन सरकार पर निशाना साधा और कहा कि एक बार भाजपा को अपना चुनावी घोषणा पत्र ले, ताकि उन्हें पता चल जाए कि जनता से क्या क्या वायदे किए थे, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई काम नहीं कर रही है। पेंशन में मात्र 50 रूपये की बढोतरी की है, अगर कांग्रेस की सरकार बनती तो बुजुर्गो को 51 सौ रूपये सम्मान भत्ता मिलता।
पूर्व सीएम ने कहा कि यही समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर गठबंधन सरकार कब काम शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार बनने के दौरान ही कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तय कर लिए थे, लेकिन अभी तक प्रदेश में गठबंधन सरकार सांझा कार्यक्रम तय नहीं कर पाई है, इसलिए सरकार दिशाहीन है। सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा डीपार्क स्थित आवास पर पत्रकारो से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने इनेलो सुप्रीमों ओमप्रकाश चौटाला द्वारा प्रदेश में मध्यावधि चुनाव को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया और कहा कि राजनीति में सब कुछ संभव है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानो के साथ धोखा न करे। कांग्रेस शासनकाल के दौरान ही किसानो को बिजली सस्ते रेट पर मिलती थी, लेकिन अब गांव में भारी भरकम बिजली के बिल भेजे जा रहे है, जिससे हर वर्ग परेशान है। पूर्व सीएम ने पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब पर हुए हमले की भी निंदा की और कहा कि यह निंदनीय है और पूरा देश इस घटना से आहत हुआ है।
साथ ही उन्होंने बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलो को लेकर कहा कि सरकार को विशेष गिरदावरी करानी चाहिए, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री ने पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर पर लगाए आरोपों को गंभीर बताया और इसकी सीबीआई जांच कराने की मांग की। प्रदेश में विधायको से सम्पर्क के बारे में पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि उनके तो 90 के 90 विधायको से सम्पर्क है। रोडवेज कर्मचारियों द्वारा दो दिवसीय हडताल को लेकर पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि किलोमीटर स्कीम में महाघोटाला हुआ है और इसकी भी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग गठबंधन सरकार की नीतियों से परेशान है। पहले कार्यकाल के दौरान भी भाजपा सरकार ने बडे घोटाले हुए थे और सरकार उसी पैर्टन पर चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूत विपक्ष की भूमिका में है और जनहित के मुद्दे उठाए जाएंगे। कांग्रेस किसानों की हर लडाई लडेगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक संत कुमार, चक्रवर्ती शर्मा, यशपाल पंवार, अजय सिंघानियां आदि मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



