चंडीगढ़ : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुंह बोली बेटी व पंचकूला हिंसा में आरोपित प्रियंका तनेजा उर्फ हनीप्रीत ने जमानत के लिए पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। याचिका में हनीप्रीत ने इस हिंसा में कोई भूमिका नहीं होने की बात कहते हुए जमानत की मांग की है। इस याचिका पर हाई कोर्ट की रजिस्ट्री द्वारा प्रतिवादियों को 1 मई के नोटिस जारी किए गए हैं। हनीप्रीत डेरा प्रमुख को 25 अगस्त 2017 को दोषी ठहराए जाने के बाद पंचकूला में भड़की हिंसा की साजिश रचने के आरोपों में लगभग डेढ़ साल से जेल में बंद है।
हाई कोर्ट में दायर याचिका में हनीप्रीत ने कहा कि डेरा प्रमुख को सजा सुनाए जाने के समय वह पंचकूला अदालत के परिसर में मौजूद थी और उसके बाद डेरा प्रमुख के साथ ही रोहतक की सुनारिया जेल चली गई थी। इसी बीच पंचकूला में हिंसा भड़क गई थी, जिसमें कई लोग मारे गए थे। उसका इस हिंसा से कोई लेना देना नहीं है और उसका नाम भी एफआइआर में नहीं था।
लेकिन, बाद में पुलिस ने उसका नाम जोड़ दिया। हनीप्रीत ने कहा है कि उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। हनीप्रीत ने कहा है कि इस हिंसा के लिए आरोपित बनाए गए लगभग 15 लोगों को जमानत मिल चुकी है। इसलिए उसे भी जमानत का लाभ दिया जाए। गौरतलब है कि इससे पहले हनीप्रीत ने जेल में मोबाइल फोन उपलब्ध करवाए जाने की मांग की थी जिस पर उसे अदालत की स्वीकृति भी मिल गई थी।


Download Android App
Download iOS App



