रेवाड़ी: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने केन्द्र व प्रदेश सरकार को किसान-मजदूर-व्यापारी विरोधी बताते हुए लोगो से एकजुट होकर संघर्ष करने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि ढाई साल के शासन में प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में एक भी फैसला नहीं लिया। अहीरवाल की धरती से आज उठी आवाज देश के किसानों के हित में जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आज किसान आत्महत्या कर रहा है। लागत मूल्य से 50 फीसदी मुनाफा मिलने से ही किसानों की हालत सुधर पाएगी।
हुड्डा आज यहां अनाज मंडी में आयोजित किसान पंचायत को संबोधित कर रहे थे। पंचायत में कांग्रेस के 13 विधायक, अनेक पूर्व मंत्री व विधायक उपस्थित रहे। रेवाडी, गुडगांव व महेन्द्रगढ जिले से हजारों की संख्या में किसानों ने पंचायत में शिरकत की। महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। पूर्व मंत्री राव धर्मपाल ने किसान पंचायत की अध्यक्षता की। किसान पंचायत में अहीरवाल से उमडी भारी भीड को देख गदगद नजर आए भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने केन्द्र व प्रदेश सरकार को किसानों की बदहाली के लिए जिम्मेवार ठहराते हुए किसानों का कर्ज माफ करने की जोरदार मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि 2009 में हमारी सरकार ने 72 हजार करोड का कर्जा माफ किया। जबकि हरियाणा का 830 करोड का कर्ज माफ किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को किसानों का दर्द नहीं पता, इसलिए किसानों की बेहतरी के लिए सरकार के पास कोई नीति नहीं है। जिसके चलते किसानों पर आज 12 लाख करोड का कर्ज हो गया।
– शशि सैनी


Download Android App
Download iOS App





