उपराष्ट्रपति चुनाव में इनेलो करेगी वैंकेया नायडू के समर्थन में मतदान: अभय चौटाला

Summary :

NULL

कुरुक्षेत्र: उपराष्ट्रपति चुनाव में इनेलो ने एनडीए उम्मीदवार वैंकेया नायडू को वोट देने का निर्णय लिया है। यह जानकारी हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष एवं इनेलो के वरिष्ठ नेता विधायक अभय चौटाला ने पिपली विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। इस अवसर पर इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, जिला प्रधान कुलदीप सिंह मुलतानी, हलका प्रधान रणबीर किरमिच, माया राम चंद्रभानपुरा, नगर पार्षद नितिन भारद्वाज, सुरेश सैनी रणधीर मथाना, सतबीर शर्मा, धर्म सिंह ढांडा, चंद्रभान बाल्मीकि, मनोज कौशिक, धर्म सिंह कड़ामी, सुनील राणा, नरेंद्र घराड़सी, सतबीर सिंह एडवोकेट सहित पार्टी के अनेक इनेलो नेता उपस्थित थे।

अभय चौटाला ने कहा कि पार्टी प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने वैंकेया नायडू का समर्थन देने का निर्णय लिया है, क्योंकि जब नायडू भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे तो उस समय इनेलो और भाजपा ने देश और प्रदेश में मिलकर लोकसभा व विधानसभा का चुनाव लड़ा था। उसके बाद बेशक इनेलो और भाजपा के राजनैतिक रिश्ते समाप्त हो गए, लेकिन वैंकेया नायडू ने चौटाला परिवार के साथ पारिवारिक रिश्ते कायम रखे। वे चौटाला परिवार के प्रत्येक दुख-सुख में शामिल होते हैं। एक बेदाग व स्वच्छ छवि के लंबा राजनैतिक अनुभव रखने वाले नेता हैं। इसलिए देश हित में इनेलो ने वैंकेया नायडू का समर्थन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यूपीए के उम्मीदवार गोपाल गांधी बेशक गांधी परिवार से हैं, लेकिन उनका कोई राजनैतिक अनुभव नहीं है। उपराष्ट्रपति के पद पर राजनैतिक अनुभव वाला व्यक्ति ही आसीन होना चाहिए। इसलिए इनेलो की नजर में वैंकेया नायडू एक बेहतरीन व्यक्ति हैं।

– पीपली रामपाल शर्मा, जरनैल सिंह

Desk Team