निशा दहिया के लिये अभ्यास का यह सामान्य दिन था जो यहां राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप की तैयारियों में जुटी थीं लेकिन दिन के अंत में यह पहलवान खुद को ‘जीवित’ साबित करने में व्यस्त हो गयी क्योंकि उनके नाम की ही एक पहलवान की हरियाणा में गोली मारकर हत्या कर दी गयी।
निशा दहिया ने कहा – मैं ठीक हूं
जब खबर आयी कि सोनीपत में एक अकादमी के बाहर निशा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है तो यहां इकट्ठे हुए सैकड़ों साथी पहलवान, कोच और अधिकारी स्तब्ध रह गये।
जब उनसे संपर्क किया तो निशा ने कहा, ‘‘मैं ठीक हूं। ’’
हाल में बेलग्रेड में अंडर-23 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली निशा को जब यह खबर बतायी गयी तो वह अभ्यास कर रही थीं।
जिस महिला पहलवान की हत्या हुई उसका नाम भी है निशा दहिया
लेकिन सभी को यह समझने में ज्यादा देर नहीं लगी कि जिस महिला की हत्या हुई है, वह प्रशिक्षण ले रही पहलवान है जिसका नाम भी ‘निशा दहिया’ था।
निशा ने कहा कि जब से यह रिपोर्ट आयी है, तब से उनका फोन बजना बंद नहीं हुआ है।
इस युवा पहलवान ने कहा, ‘‘मुझे इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में एक घंटे पहले ही पता चला जब मैं राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिये अभ्यास कर रही थी और मैं स्तब्ध रह गयी। इसके बाद मुझे मेरे परिवार और दोस्तों के फोन आने शुरू हो गये। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से सभी को यह जानकर खुशी हुई कि मैं जीवित हूं। मैं अब टूर्नामेंट के लिये तैयारी कर रही हूं। ’’
इससे पहले निशा ने ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक के साथ बैठकर खुद का एक वीडियो बनाया जिसमें उन्होंने आश्वस्त किया कि वह ठीक हैं।
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने उन्हें इस वीडियो को बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिये कहा था।
डब्ल्यूएफआई सहायक सचिव विनोद तोमर ने पता लगाया कि मामला क्या था। उन्होंने निशा के फिजियो से बात की जो यह इस तरह का सवाल सुनकर हैरान थे।
तोमर ने कहा, ‘‘मैंने उन्हें फोन किया ताो उन्होंने बताया कि उस समय निशा उनके साथ अभ्यास कर रही थी। फिर मैंने निशा से वीडियो बनाकर संदेश भेजने के लिये कहा कि वह सुरक्षित है। ’’
इस भ्रम के कारण नन्दिनी नगर खेल परिसर में अंतिम मिनट की तैयारियां रूक गयी और इनमें देरी हुई जिसमें प्रविष्टियों का सत्यापन शामिल है। लेकिन अब अधिकारी काम पर जुट गये हैं।
कुश्ती कोच रणधीर मलिक विश्व चैम्पियनशिप में भारतीय महिला टीम के साथ थे, उन्होंने उस महिला के बारे में कुछ जानकारी दी जिसकी हत्या कर दी गयी।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस लड़की की हत्या हुई, वह सोनीपत में हलालपुर गांव की थी। वह निशा दहिया थी लेकिन अंडर-23 विश्व चैम्पियनशिप में जाने वाली निशा दहिया नहीं। वह छोटे से गांव की थी और उसने अभी खेलना शुरू किया था। ’’
डब्ल्यूएफआई सचिव ने कहा कि हालांकि वह अभी शुरूआत ही कर रही थी लेकिन खेल ने अपनी एक पहलवान को गंवा दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘हां, ये वाली निशा सुरक्षित है लेकिन हमने किसी को खो दिया है। मैं उसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं जानता लेकिन कुश्ती जगत ने अपनी एक पहलवान को इस दुखद तरीके से गंवा दिया। मैं नहीं जानता कि वह कहां ट्रेनिंग करती थी। ’’
सोनीपत में महिला पहलवान की गोली मारकर हत्या, पहचान के कारण पैदा हुआ भ्रम
हरियाणा के सोनीपत में एक एकेडमी में अज्ञात हमलावरों ने निशा दहिया नामक पहलवान और उनके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी है। जिस महिला पहलवान की हत्या की गयी, उनकी पहचान को लेकर भ्रम पैदा हो गया और कई खबरों में उन्हें अंडर-23 वर्ग की विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता पहलवान बता दिया गया। विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता पहलवान का नाम भी निशा दहिया ही है।
पुलिस ने बताया कि जिन भाई-बहन की हत्या की गई है उनकी मां भी इस हमले में घायल हुई हैं और उन्हें रोहतक में पीजीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दहिया के भाई का शव एकेडमी से कुछ दूरी पर नहर के पास से मिला।
सोनीपत के सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक गुप्ता ने दहिया और उनके भाई सूरज की मौत की पुष्टि की है। यह घटना सोनीपत के हलालपुर में सुशील कुमार रेसलिंग एकेडमी में हुई।
हालांकि कई खबरों में दहिया को विश्व पदक विजेता बताया गया जिन्हें कुछ दिनों पहले बेलग्रेड में उनके प्रदर्शन के लिए बुधवार सुबह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी थी। भारतीय कुश्ती महासंघ ने एक वीडियो साझा कर स्थिति स्पष्ट की। इसमें जिसमें तेजी से उभरती पहलवान निशा दहिया को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए अभी गोंडा में हैं और ठीक हैं।
उनके साथ 2016 ओलंपिक की कांस्य पद विजेता साक्षी मलिक बैठीं दिखाई दे रही हैं।
जिस लड़की की मौत हुई वह सोनीपत के हलालपुर गांव की थीं नयी पहलवान
भारतीय महिला टीम के साथ बेलग्रेड गए कोच रणधीर मलिक ने बताया, ‘‘जिस लड़की की मौत हुई है वह सोनीपत के हलालपुर गांव की नयी पहलवान थीं। उसका नाम भी निशा दहिया है लेकिन वह अंडर-23 विश्व चैम्पियनशिप में भाग लेने वाली निशा नहीं है। चैम्पियनशिप में जाने वाली निशा सुरक्षित हैं। यह फर्जी खबर हैं कि उनकी मौत हो गयी है।’’
जानिए ! वारदात की पूरी घटना
हरियाणा में सोनीपत के गांव हलालपुर स्थित सुशील कुमार कुश्ती अकादमी में बुधवार को प्रशिक्षण लेने आई राष्ट्रीय स्तर की युवा महिला पहलवान व उसके छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं उनकी मां को भी गोली मारकर घायल किया गया है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव हलालपुर से नाहरी रोड पर करीब तीन साल से सुशील कुमार कुश्ती अकादमी चल रही है। इसे रोहतक जिला के गांव बालंद का कोच चलाता है। अकादमी में आसपास के गांव के करीब 50 युवक-युवती कुश्ती का प्रशिक्षण लेने आते हैं। इसी अकादमी में हलालपुर निवासी निशा (22) भी प्रशिक्षण ले रही थी। निशा ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में सिल्वर मेडल जीत चुकी है। उसका भाई सूरज (18) उसे रोजाना बाइक से अकादमी में छोड़ने आता था। बुधवार को भी सूरज अपनी बहन निशा को छोड़ने आया था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब डेढ़ बजे अकादमी से निशा के घर पर फोन आया और कहा गया कि निशा ने अभ्यास कर लिया है, उसे घर ले जाओ। जिस पर उसका भाई सूरज व मां धनपति उसे लेने के लिए पहुंच गए। जब वह अकादमी में पहुंचे तो इसी दौरान उन पर गोलियां चला दी गई। उस समय निशा की पहले ही अकादमी के अंदर गेट के पास गोलियां मारकर हत्या की जा चुकी थी। हमलावरों ने मां धनपति को गोली मारी तो अचानक हुए हमले के बाद सूरज व उसकी मां बाहर की तरफ भागे। गोली लगने से धनपति गेट के बाहर गिर गई और सूरज मौके से भाग निकला। मगर हमलावरों ने पीछा करते हुए नहर पार कर सूरज को भी गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर धनपति को खरखौदा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया है। गोली मारने का आरोप अकादमी संचालक व अन्य पर है। पुलिस के अनुसार कोच अपनी पत्नी व बच्चों के साथ फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
वारदात के पीछे बताया जा रहा है रुपयों का लेनदेन
सोनीपत में पुलिस को संदेह है कि एकेडमी का एक कोच पवन इस जघन्य घटना के पीछे हो सकता है। पवन की पत्नी भी एकेडमी में ही कोच थी। पुलिस के अनुसार, कोच पवन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। वारदात के पीछे फिलहाल रुपयों का लेनदेन बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि पांच से छह गोलियां चलाई गयी और मामले की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गुस्साएं ग्रामीणों ने अकादमी में की तोड़फोड़
उधर, देर शाम घटना से भारी संख्या में गुस्साएं ग्रामीण अकादमी में पहुंचे और पुलिस के रोकने पर भी नहीं रुके। ग्रामीणों ने अकादमी में तोड़फोड़ की और बाद में आग लगा दी। प्रशासन की तरफ से फायर बिग्रेड बुलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस धनपति के बयान लेने पीजीआई रोहतक गई है।
गांव हलालपुर में अकादमी के अंदर महिला पहलवान की गोली मारकर हत्या की गई है। उसका शव अकादमी परिसर में मिला है। वहीं उसकी मां अकादमी के बाहर घायल मिली है। उसके भाई का शव नहर के पास मिला है। घायल महिला के बयान पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल हत्या का आरोप कोच व अन्य पर लगा है।


Download Android App
Download iOS App



