हिसार जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस महामारी के चलते हरियाणा के हिसार में पिछले कुछ दिनों से फंस गये कश्मीरी युवाओं को रहने एवं खाने-पीने की व्यवस्था की है। दस कश्मीरी युवाओं ने यह कहते हुए मदद की अपील की थी कि वे फंस गये हैं और उत्तरी कश्मीर में अपने गृहनगर कुपवाड़ा पहुंचने में असमर्थ हैं।
हिसार की उपायुक्त प्रियंका सोनी ने शुक्रवार को कहा, ‘‘इस लॉकडाउन के दौरान उनके रहने और खाने-पीने का सारा इंतजाम किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि किसी अंशकालिक कामकाज के चक्कर में हिसार आये ये युवा पहले राज्य और बाद में पूरे देश में लॉकडाउन लगाये जाने के बाद फंस गये।
इन युवाओं ने अपनी परेशानियों को लेकर एक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर डाला था। इस बीच जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजाा मुफ्ती ने अपनी मां के टि्वटर हैंडल पर इन युवाओं के लिए मदद मांगी थी। उनके ट्वीट का जवाब देते हुए हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने यथासंभव सहायता पहुंचाने का आश्वासन दिया।


Download Android App
Download iOS App



