टोल वसूली के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतरे

Summary :

जिस पर गुस्साए प्रदर्शनकारी भीषण गर्मी और तपती दोपहरी में सड़क पर ही बैठ गए और सांकेतिक धरना लगा विरोध प्रदर्शन करने लगे।

सोहना : यहां पर गांव बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर आसपास लगते गांवों के कमर्शियल वाहनों से टोल वसूली का मामला तेजी से तूल पकड़ गया है। इस मामले में गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर आए और बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर आसपास लगते गांवों में रहने वाले ग्रामीणों की कमर्शियल गाड़ियों से टोल वसूलने के विरोध में सड़क पर बैठ सांकेतिक धरना देते हुए विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही 25 जुलाई को गांव बंधवाड़ी में चौपाल पर गांव बंधवाड़ी और आसपास लगते गांवों की पंचायत जोड़कर उसमें आंदोलन चलाने के लिए लड़ी जाने वाली लड़ाई लडऩे की रूपरेखा बनाने का फैसला लिया है और टोल प्रबंधन को चेताते हुए साफ-सपाट लहजे में कहा है कि जब तक पंचायत फैसला ना ले ले, वह बंधवाड़ी और आसपास के किसी भी ग्रामीण की कमर्शियल गाड़ी से टोल ना वसूले।

यदि कंपनी ने टोल वसूली का प्रयास किया तो ग्रामीण सड़क पर उतर आंदोलन करने में पीछे नही हटेंगे। पच्चीस जुलाई को गांव बंधवाड़ी की चौपाल पर जुडऩे वाली पंचायत में बादशाहपुर के विधायक व सरकार में वजीर राव नरबीर सिंह, सोहना हलका के विधायक तेजपाल तंवर तथा नगर निगम पार्षद महेश दायमा को भी विशेष रूप से आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। देखने वाली बात ये रही कि ग्रामीणों के गुस्से को देख कमर्शियल गाड़ियों से टोल वसूलने के विरोध में ग्रामीणों ने टोल प्लाजा के समीप टैंट, शामियाना लगाने का प्रयास किया लेकिन प्रशासन ने ऐसा नही होने दिया।

जिस पर गुस्साए प्रदर्शनकारी भीषण गर्मी और तपती दोपहरी में सड़क पर ही बैठ गए और सांकेतिक धरना लगा विरोध प्रदर्शन करने लगे। इससे पूर्व गांव बंधवाड़ी के पूर्व सरपंच राजाराम की अध्यक्षता में बंधवाड़ी और आसपास लगते 14 गांवों की पंचायत जोड़ी गई। जिसमें बोलते हुए युवा नेता मनोज बंधवाड़ी, वेद बालियावास, मांगर के सरपंच कर्मबीर सिंह, चेतन नंबरदार समेत विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि बीते 7 वर्षों से बंधवाड़ी और आसपास लगते 14 गांवों की कमर्शियल और पर्सनल वाहनों पर टोल टैक्स फ्री है तो कंपनी कमर्शियल वाहनों का टैक्स क्यो वसूलने का प्रयास कर रही है। वक्ताओं ने साफ कहा कि मौजूदा वक्त में वैसे ही भारी मंंदे का दौर चल रहा है। बेरोजगारी दिनोंदिन बढ़ रही है।

– उमेश गुप्ता

Desk Team