चंडीगढ़ : किसानों की 10 दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन पूरे प्रदेश में मिला जुला असर देखा जा रहा है। जींद के हांसी रोड पर स्थित इक्कस गांव में किसानों ने सड़क पर दूध और सब्जियां फेंककर प्रदर्शन किया। वहीं सिरसा और फतेहाबाद में मामले दर्ज हुए हैं। किसानों की हड़ताल को देखते हुए कुछ जगह डर के मारे गांव वाले शहरों में दूध नहीं पहुंचा रहे हैं। वहीं किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी का कहना है कि ये जन आंदोलन है, किसान अपनी मांगों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। जींद के हांसी रोड पर स्थित इक्कस गांव में बड़ी संख्या में किसान एकत्रित होकर रोड पर पहुंचे। इनका नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान छाजूराम कंडेला ने किया।
ये सभी किसान दूध और सब्जियां लेकर पहुंचे थे, इन्होंने दोनों को सड़क पर डालकर बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। फतेहाबाद में यहां शुक्रवार को हुई घटना के बाद पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है। सिरसा में पुलिस ने शुक्रवार को हुई घटनाओं के बाद चार मामले दर्ज किए हैं। वहीं राणियां में शनिवार को भी अलग-अलग जगह किसानों द्वारा दूध वालों व सब्जी वालों को रोकने की कोशिश की। जगह-जगह किसानों के प्रदर्शन जारी हैं। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में किसानों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। अम्बाला के मीठापुर में किसान धरना प्रदर्शन दे रहे हैं।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।
(राजेश जैन)