सोनीपत में मुरथल के मशहूर सुखदेव ढाबे पर काम करने वाले 65 कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। किसी में कोई लक्षण नहीं होने के कारण सभी को उनके घरों में पृथक वास में रहने को कहा गया है और एहतियात के तौर पर ढाबे को दो दिन के बंद कर दिया गया है और उसे सैनिटाइज किया जा रहा है।
उप सिविल सर्जन व ग्रामीण क्षेत्र की नोडल अधिकारी डॉ. गीता दहिया ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारियों व श्रमिकों के सैंपल लेने का काम चल रहा था। 31 अगस्त को सुखदेव ढाबे के संचालक ने उन्हें बताया था कि उन्होंने अभी बाहर से भी कुछ कामगार बुलाए हैं।
उन्होंने उनके भी सैंपल लेने का अनुरोध किया था। दहिया ने बताया कि इस तरह ढाबे पर करीब 350 सैंपल लिए गए थे। अब इनमें 65 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी सूचना ढाबा संचालक को दे दी गई है। उधर, ढाबा संचालक अमरीक सिंह ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले बिहार से बस द्वारा करीब 100 कामगारों को बुलाया था।
ये कामगार पहले भी उनके पास काम करते थे और लॉकडाउन के दौरान अपने घर चले गए थे। सभी ढाबे के साथ लगते क्वार्टर में ठहरे हुए थे। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव पाए जाने वालों ने अभी ढाबे पर काम शुरू नहीं किया था। फिर भी सूचना मिलते ही बृहस्पतिवार दोपहर बाद से उन्होंने एहतियात के तौर पर ढाबे को दो दिन के लिए बंद कर दिया है और उसे सैनिटाइज करने का काम शुरू कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



