रेवाड़ी : गुरूवार को बावल में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित धारुहेड़ा बस स्टैंड के निकट वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महाबीर यादव मसानी ने अपने समर्थकों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में लडख़ड़ाती सरकार बनी है। इस तरह की सरकार ज्यादा दिन नहीं चलती।
जनता ने भाजपा के खिलाफ इस चुनाव में वोट किया। यहीं कारण है कि भाजपा के नेता हार का मंथन करने में अभी तक लगे हुए है। इस मौके पर पूर्व सीएम के साथ दिल्ली विधानसभा के पूर्व स्पीकर योगानंद शास्त्री भी थे। पूर्व सीएम ने जजपा-भाजपा के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि ठगबंधन की सरकार को दो माह बीतने को है, लेकिन जनता के हित में अब तक एक भी फैसला नहीं लिया है।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल जनता को भाजपा की सरकार ने बेवकूफ बनाए रखा। जिसका परिणाम यह रहा कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने भाजपा के खिलाफ वोट किया। प्रदेश में बेमेल कहा जाने वाला गठबंधन कर भाजपा ने एक बार फिर सरकार तो बना ली है, लेकिन अब भी लोगों का काम नहीं हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्याज के दाम आसमान छू रहे। प्याज खाना तो दूर उसके दाम सुनकर ही आंसू आ जाते है।
पहले भाजपा सरकार मेवात से प्याज खरीदने की बात कर रही थी, लेकिन अपने ही फैसले से यूटर्न लेते हुए सरकार अब किनारा कर बैठी है। चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही यू-टर्न वाले ही फैसले लिए है। पांच साल कुछ नहीं किया। हमारी सरकार के समय में किए गए कार्यो का सिर्फ फीता काटा और जब समय निकल गया तो झूठी घोषणाएं करनी शुरू कर दी।


Download Android App
Download iOS App



