देहरादून, 21 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी वक्ताओं ने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
रामनगर में योग प्रशिक्षक तृप्ति शर्मा ने अपने ‘योग रूट्स’ स्टूडियो के माध्यम से लोगों को योग के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। एक फैशन डिजाइनर से योग और वेलनेस क्षेत्र की प्रमुख हस्ती बनीं तृप्ति शर्मा ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय लोगों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।” उन्होंने रामनगर, उत्तराखंड और देशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में शामिल रामनगर की निवासी मीना गर्ग ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से नियमित योग कर रही हैं और इससे उन्हें काफी लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए, क्योंकि इससे शारीरिक और मानसिक दोनों तरह का स्वास्थ्य बेहतर होता है।
राजधानी देहरादून के सिटी फॉरेस्ट पार्क में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली है। शहर के विभिन्न हिस्सों से लोग परिवारों के साथ योग कार्यक्रम में शामिल हुए।आज की व्यस्त जीवनशैली में परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना कठिन होता जा रहा है, लेकिन योग लोगों को एक साथ जोड़ने का माध्यम बन रहा है।” उन्होंने नागरिकों से योग को अपनी दैनिक आदत बनाने की अपील की।
पौड़ी गढ़वाल में आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने योग को भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताया। उन्होंने कहा, “योग स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने का एक प्रभावी माध्यम है।” कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडे ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डाला और लोगों से नियमित योग करने का आग्रह किया।
हरिद्वार के ऋषिकुल ग्राउंड में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में आयुष मंत्री मदन कौशिक, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। मयूर दीक्षित ने कहा, “योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।”
वहीं आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा, “आज योग के क्षेत्र में भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व कर रहा है, जो देश के लिए गर्व की बात है।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि योग किसी एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रतिदिन किए जाने वाला अभ्यास है, जिसे जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए।
–आईएएनएस
एससीएच/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























