Germany In Knockout Stage: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ई में जर्मनी ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर नॉकआउट राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। टोरंटो स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जर्मनी को जीत दिलाने वाले खिलाड़ी रहे डेनिज उनडव, जिन्होंने मैदान पर उतरते ही मैच का रुख बदल दिया। यह जीत जर्मनी के लिए इसलिए भी खास रही क्योंकि टीम 2018 और 2022 के पिछले दो वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी थी। हालांकि इस बार लगातार दो जीत के साथ जर्मन टीम ने शुरुआती दौर में ही नॉकआउट का टिकट हासिल कर लिया।
Deniz Undav Performance: 432 मिनट में 9 गोल, डेनिज उनडव का शानदार रिकॉर्ड

डेनिज उनडव का इंटरनेशनल करियर अभी ज्यादा लंबा नहीं है, लेकिन उनके आंकड़े बेहद प्रभावशाली हैं। उन्होंने अब तक जर्मनी के लिए 11 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें कुल 432 मिनट उन्होंने मैदान पर बिताए हैं। इस दौरान उनके नाम 9 गोल दर्ज हैं। यानी लीमिटेड मौके मिलने के बावजूद उन्होंने हर बार अपनी छाप छोड़ी है। वहीं दिलचस्प बात तो यह है कि उनडव अक्सर शुरुआती प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं होते, लेकिन बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर उतरकर मैच का रुख बदलने की ताकत रखते हैं।
Germany In First Half: पहले हाफ में पीछे था जर्मनी

अगर मैच की बात करें तो मुकाबले की शुरुआत जर्मनी के लिए अच्छी नहीं रही। आइवरी कोस्ट ने 30वें मिनट में गोल कर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पहले हाफ के अंत तक यही स्कोर बना रहा और जर्मन टीम दबाव में नजर आई। उस समय कई फुटबॉल फैंस को पिछले दो वर्ल्ड कप की निराशाजनक यादें सताने लगी थीं, जब जर्मनी शुरुआती स्टेज में ही बाहर हो गया था।
Deniz Undav Changes The Scenario: उनडव की एंट्री और बदल गई पूरी कहानी

हालांकि मैच के 60वें मिनट में डेनिज उनडव को मैदान पर उतारा गया और इसके बाद मुकाबले का पूरा समीकरण बदल गया। मैदान पर आने के सिर्फ पांच मिनट बाद ही उन्होंने 65वें मिनट में गोल दागकर जर्मनी को बराबरी दिला दी। इसके बाद जब मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था, तब उनडव ने अतिरिक्त समय में एक और गोल करते हुए जर्मनी को 2-1 की यादगार जीत दिला दी। उनके दोनों गोलों की बदौलत जर्मनी ने न सिर्फ मुकाबला जीता, बल्कि नॉकआउट स्टेज में भी एंट्री कर ली। इसी के साथ शानदार प्रदर्शन के लिए डेनिज उनडव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
Germany In Knockout Stage: वर्ल्ड कप 2026 में बनाया खास रिकॉर्ड

डेनिज उनडव का शानदार फॉर्म टूर्नामेंट के पहले मैच से ही जारी है। कुरासाओ के खिलाफ जर्मनी की 7-1 की बड़ी जीत में भी उन्होंने सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान में उतरकर एक गोल किया था और दो गोल में योगदान दिया था। इसी प्रदर्शन के दम पर वह फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिनके नाम इस टूर्नामेंट में एक से ज्यादा गोल और एक से ज्यादा असिस्ट दर्ज हैं। जर्मनी की नॉकआउट में जगह पक्की हो चुकी है और जिस तरह का प्रदर्शन डेनिज उनडव कर रहे हैं, उसे देखते हुए वह आगे भी टीम की सबसे बड़ी उम्मीदों में शामिल रहेंगे।
Read More: Yashasvi Jaiswal ने रचा इतिहास, विराट और शुभमन गिल को भी छोड़ा पीछे


Download Android App
Download iOS App




