भोपाल, 1 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। यह मुलाकात औपचारिक होने के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को लेकर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
दिग्विजय सिंह ने इस दौरान प्रदेश के किसानों की समस्याओं, खासकर गेहूं उपार्जन से जुड़ी दिक्कतों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर किसानों को स्लॉट बुकिंग, खरीद केंद्रों पर भीड़ और समय पर उपज बेचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए, ताकि किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पर जानकारी दी कि राज्य सरकार गेहूं उपार्जन को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसानों की सुविधा के लिए हर जरूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि अब तक 80 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं उपार्जन के लिए स्लॉट बुक हो चुके हैं और यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे खुद इस पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि कहीं कोई गड़बड़ी या परेशानी न हो।
इस मुलाकात में सिर्फ किसानों के मुद्दे ही नहीं, बल्कि एक धार्मिक आयोजन का आमंत्रण भी दिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री को अपने गृह क्षेत्र राघौगढ़ के ग्राम भैंसाना में होने वाले 151 कुंडीय “श्रीराम महायज्ञ” का आमंत्रण दिया। यह भव्य धार्मिक आयोजन 18 मई से 28 मई के बीच आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि दिग्विजय सिंह और उनका परिवार इस महायज्ञ के संरक्षक के रूप में जुड़े हुए हैं।
इस मुलाकात की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की। वहां बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा हुई और मुख्य रूप से गेहूं उपार्जन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर बातचीत की गई।
–आईएएनएस
पीआईएम/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



















