Virendra Singh Kadian: भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए मेरे और मेरे बेटे के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराई- वीरेंद्र सिंह कादियान

Summary :

आम आदमी पार्टी के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान ने फूल बेचने वाली महिला की ओर से लगाए गए सारे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए मेरे और मेरे बेटे के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराई है। मैने कभी महिला के यहां से फूल नहीं खरीदे और विवाद से मेरा या मेरे बेटे का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि एलजी साह के निर्देश पर दिल्ली कंटोनमेंट बोर्ड की गाड़ी ने अतिक्रमण अभियान के तहत महिला के फूल उठाए थे। इसके बाद महिला के साथ मेरे ऑफिस आए लोग…

आम आदमी पार्टी के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान ने फूल बेचने वाली महिला की ओर से लगाए गए सारे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए मेरे और मेरे बेटे के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराई है। मैने कभी महिला के यहां से फूल नहीं खरीदे और विवाद से मेरा या मेरे बेटे का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि एलजी साह के निर्देश पर दिल्ली कंटोनमेंट बोर्ड की गाड़ी ने अतिक्रमण अभियान के तहत महिला के फूल उठाए थे। इसके बाद महिला के साथ मेरे ऑफिस आए लोग स्टॉफ के साथ गाली गलौंज करने लगे तो मैंने सिर्फ बीच बचाव किया। भाजपा के एक बड़े नेता के दबाव में पुलिस ने मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

आप” विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान ने कहा कि एलजी ने डीडीए की मीटिंग में कहा था कि किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के तहत दिल्ली छावनी परिषद लगातार रेहड़ी -पटरी वालों और अतिक्रमण करने वालों का सामान उठाकर बोर्ड में जमा कर रहा है। 18 जुलाई की सुबह दिल्ली कंटोनमेंट बोर्ड की गाड़ी गोपीनाथ बाजार और सदर बाजार में रेहड़ी-पटरी और अन्य दुकानें लगाने वालों का सामान उठा रही थी। एक फूल वाले ने पूरी सड़क पर अपने फूल लगा रखे थे, इसलिए कंटोनमेंट बोर्ड की गाड़ी ने उसके भी फूल उठा लिए। इस पर किसी ने यह अफवाह फैला दी कि यह सारा काम विधायक करवा रहे हैं।

वीरेंद्र सिंह कादियान ने बताया कि शाम करीब 4ः30 बजे फूल वाले के परिवार से पांच आदमी और दो औरतें मेरे ऑफिस में आए। उस समय मेरे ऑफिस में एक क्लर्क और एक ड्राइवर मौजूद थे। आते ही उन लोगों ने सीधा गाली-गलौज और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मेरे ऑफिस स्टाफ ने उनसे वीडियो रिकॉर्ड करने से मना करते हुए अपनी बात बताने को कहा, तो उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और हाथापाई पर उतर आए। तुरंत हमारे ऑफिस स्टाफ निरंजन ने 112 नंबर पर कॉल कर दी। मैं ऑफिस के अंदर वाले कमरे से बाहर आया और 112 नंबर पर कॉल की। साथ ही बीच-बचाव कराकर उन्हें छुड़वाया। तुरंत पुलिस की दो गाड़ियां वहां आ गईं। मेरा बेटा अंकित उस समय ऊपर घर पर नहा रहा था, जब वह नीचे आया तब तक झगड़ा खत्म हो चुका था।

वीरेंद्र सिंह कादियान ने बताया कि 18 जुलाई को इन सबका एमएलसी हुआ और मेरे ऑफिस स्टाफ निरंजन ने एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद ये लोग भाजपा नेता कर्ण सिंह तंवर के बेटे भवन तंवर के पास पहुंचे, जो पिछली बार मेरे खिलाफ चुनाव लड़े थे। वहां पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह और उनके समर्थक भी आ गए। उन्होंने पुलिस में एक शिकायत लिखवाई जिसमें मेरा और मेरे बेटे का नाम भी डाल दिया गया, जबकि हमारा इस मामले में कोई रोल ही नहीं था और अंकित तो वहां मौजूद भी नहीं था। 28 जुलाई को इन्होंने भाजपा के किसी बड़े नेता से फोन करवाकर डीसीपी और एसएचओ पर दबाव बनाया और तुरंत एफआईआर दर्ज करवा दी, जिसे अब ये लोग वायरल कर रहे हैं।

वीरेंद्र सिंह कादियान ने कहा कि इन लोगों ने यह झूठी बात लिखवाई है कि 100 रुपए के फूल थे और गुलदस्ते के पैसे दिए, जबकि इसका कोई मतलब ही नहीं था। हमारे यहां से ना तो कोई उनके पास गया और ना ही हमने आज तक उनसे फूल खरीदे हैं। फिर भी महिलाओं का फायदा उठाकर सहानुभूति बटोरने के लिए यह सब रचा गया और अब मीडिया में इसका प्रचार-प्रसार कर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जा रही है। बिना तथ्य जाने खबर लिखने वाले मीडिया संस्थान के खिलाफ मानहानि का लीगल नोटिस दे रहा हूं ताकि बिना सही पक्ष जाने अगर कोई गलत खबर न छापे।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।