मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का पहला नालंदा दौरा, बाबा महतो मंदिर में की पूजा-अर्चना

नालंदा, 1 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी शुक्रवार को पहली बार नालंदा जिले के दौरे पर पहुंचे। वे सड़क मार्ग से सरमेरा प्रखंड के परनावां गांव पहुंचे, जहां श्रीश्री 108 श्री शरण निवास बाबा महतो साहब की जन्मस्थली पर लगने वाले राजकीय मेले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

परनावां गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बाबा महतो साहब के मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता की भलाई की कामना की। मंदिर परिसर में ही नालंदा पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां मंच पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया और गणमान्य लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत कार्यक्रम के बाद पूरे विधिवत तरीके से राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत का आयोजन हुआ, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति से भर गया।

सीएम सम्राट चौधरी ने इस दौरे की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर बताया, “बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर पटना स्थित बुद्धा स्मृति पार्क में भगवान बुद्ध के जीवन संदेशों को ध्यान कर श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन की। भगवान बुद्ध का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके अष्टांगिक मार्ग पर चलकर हम संतुलित, सार्थक और समरस जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। आइए, हम सभी उनके आदर्शों को आत्मसात कर एक शांतिपूर्ण, समरस और विकसित बिहार के निर्माण का संकल्प लें।”

वहीं, इस हाई प्रोफाइल दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पूरे मेले और गांव में चप्पे-चप्पे पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भीड़ और सुरक्षा पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया, ताकि किसी भी तरह की स्थिति पर तुरंत नियंत्रण रखा जा सके। कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, विधायक और स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।