कटक के मेडिकल कॉलेज में हुए हादसे पर राष्ट्रपति ने जताया शोक, बोलीं-घटना से व्यथित हूं

कटक, 16 मार्च (आईएएनएस)। ओडिशा के कटक में सोमवार को एससीबी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई है। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि कटक स्थित एक अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड में हुई जानमाल की हानि से मैं अत्यंत व्यथित हूं। मेरी हार्दिक संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

हादसे की जानकारी होते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एससीबी मेडिकल के ट्रॉमा केयर सेंटर में आग लग गई, जिससे ट्रॉमा आईसीयू, उससे सटे आईसीयू और पहली मंजिल पर स्थित वार्ड प्रभावित हुए, जहां 23 मरीजों का इलाज चल रहा था। आग लगने से 7 मरीजों की मौके पर ही, जबकि अस्पताल में स्थानांतरित करने के बाद 3 और मरीजों की मृत्यु हो गई। उन्होंने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव अश्वथी एस. ने कहा कि हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी लोगों की देखभाल करना है। हमने अपने डॉक्टरों को उन्हें पर्याप्त सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल हम चिकित्सा आईसीयू में हैं।

मरीज के साथ आई एक रिश्तेदार ने बताया कि मेरी बेटी का आईसीयू में इलाज चल रहा था। मैं बाहर बैठकर इंतजार कर रही थी तभी मैंने अपनी बहू को अंदर जाने को कहा। आईसीयू के अंदर से एक महिला ने हिंदी में जोर से आवाज लगाई। मेरा घर अंगुल में है, इसलिए मुझे उसकी बात ठीक से समझ नहीं आई। पहले तो मुझे लगा कि अंदर किसी को कोई परेशानी हो रही होगी, लेकिन थोड़ी देर बाद मैंने देखा कि आईसीयू का कमरा धुएं से भर गया था।

–आईएएनएस

एसडी/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।