ED Arrest Deepak Singla: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता दीपक सिंगला को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित बैंक लोन धोखाधड़ी (Bank Fraud Case) और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार सुबह ईडी की टीम ने दिल्ली और गोवा समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कई घंटों तक पूछताछ के बाद एजेंसी ने सिंगला को हिरासत में ले लिया। दीपक सिंगला दिल्ली की विश्वास नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार रह चुके हैं। वह गोवा में पार्टी के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। इससे पहले भी साल 2024 में ईडी उनके घर पर छापा मार चुकी थी।
ED Arrest Deepak Singla: दिल्ली और गोवा में हुई छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक, सोमवार सुबह ईडी की टीमें दिल्ली और गोवा में सिंगला से जुड़े कई ठिकानों पर पहुंचीं। एजेंसी ने बैंक लोन फ्रॉड से जुड़े दस्तावेजों और लेनदेन की जांच की। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान ईडी ने सिंगला से कई अहम सवाल किए, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। कुछ सवालों को वह टालते भी रहे। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ईडी का यह एक्शन कथित मनी लॉन्ड्रिंग केस में लिया गया है। हालांकि, अभी तक एजेंसी की तरफ से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
AAP Leader Deepak Singla Arrested: AAP ने लगाया राजनीतिक बदले का आरोप
दीपक सिंगला की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्षी नेताओं को चुनाव से पहले जांच एजेंसियों के जरिए निशाना बनाया जा रहा है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि गोवा में आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से बीजेपी घबरा गई है। इसी वजह से ईडी की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि गोवा में पार्टी कार्यकर्ताओं के यहां भी छापेमारी हुई है। आतिशी ने आरोप लगाया कि बंगाल की तरह गोवा में भी ‘आप’ का संगठनात्मक डेटा हासिल करने की कोशिश की जा रही है।
Bank Loan Fraud: 9 दिनों में ‘आप’ के दूसरे बड़े नेता पर कार्रवाई
दीपक सिंगला की गिरफ्तारी से पहले 9 मई को ईडी ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को भी एक अलग मामले में गिरफ्तार किया था। लगातार दो बड़े नेताओं पर हुई कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव बनाने के लिए की जा रही है। उनका दावा है कि चुनाव वाले राज्यों में विपक्षी दलों के नेताओं पर ईडी और सीबीआई का दबाव बढ़ा दिया जाता है।
सौरभ भारद्वाज ने उठाए सवाल
पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी ईडी की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां चुनाव होते हैं, वहां विपक्षी नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियां सक्रिय हो जाती हैं। उनके मुताबिक, दिल्ली चुनाव के दौरान भी कई आप नेताओं, मंत्रियों और मुख्यमंत्री तक को जांच एजेंसियों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के समय भी ईडी और सीबीआई लगातार कार्रवाई कर रही थीं। अब पंजाब और गोवा में चुनावी माहौल बन रहा है, इसलिए वहां भी विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। भारद्वाज ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि चुनाव के समय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App




