देश के 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तैनात है टूरिस्ट पुलिस : गजेंद्र सिंह शेखावत

Summary :

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि पर्यटकों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के उद्देश्य से देश के 15 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विशेष टूरिस्ट पुलिस तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गोवा, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम और उत्तर प्रदेश में यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टूरिस्ट पुलिस की तैनाती की गई है। राज्यसभा चंद्रकांत हंडोरे के सवाल का जवाब देते हुए शेखावत ने बताया कि पुलिस अनुसंधान एवं…

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि पर्यटकों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के उद्देश्य से देश के 15 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विशेष टूरिस्ट पुलिस तैनात की गई है।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गोवा, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम और उत्तर प्रदेश में यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टूरिस्ट पुलिस की तैनाती की गई है।

राज्यसभा चंद्रकांत हंडोरे के सवाल का जवाब देते हुए शेखावत ने बताया कि पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो ने टूरिस्ट पुलिस योजना पर एक अध्ययन कराया और इसके आधार पर सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में इस योजना को समान रूप से लागू करने के लिए एक व्यापक रिपोर्ट तैयार की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि टूरिस्ट पुलिस की अलग इकाइयों की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय की ओर से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोई विशेष वित्तीय सहायता या पैकेज नहीं दिया गया है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि पर्यटन मंत्रालय ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट के माध्यम से एक अध्ययन कराया, ताकि टूरिस्ट पुलिस की आवश्यकता को समझा जा सके और उन्हें पर्यटकों की जरूरतों के प्रति अधिक संवेदनशील बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि “राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में टूरिस्ट पुलिस की कार्यप्रणाली और सर्वोत्तम प्रथाओं का दस्तावेजीकरण” नामक अध्ययन रिपोर्ट सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भेजी गई है।

शेखावत ने कहा कि आईआईटीटीएम द्वारा तैयार एक प्रशिक्षण मॉड्यूल भी गृह मंत्रालय को भेजा गया, जिसे बाद में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों तक पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि पर्यटकों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के लिए पर्यटन मंत्रालय ने गृह मंत्रालय और बीपीआरएंडडी के सहयोग से नई दिल्ली में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों का राष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित किया।

सांसद चंद्रकांत हंडोरे ने अपने प्रश्न में देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट पुलिस योजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी थी।

उन्होंने यह भी पूछा था कि क्या केंद्र सरकार ने टूरिस्ट पुलिस कर्मियों के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल, धोखाधड़ी की रोकथाम और विदेशी भाषाओं की जानकारी से जुड़े मानकीकृत प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए हैं।

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk