आंध्र प्रदेश में मजदूरों के लिए बनेंगे ‘लेबर अड्डे’, कौशल विकास केंद्र के रूप में होंगे विकसित: सीएम नायडू

अमरावती, 1 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्यभर में मजदूरों की मदद के लिए ‘लेबर अड्डे’ स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रमिकों को कौशल उन्नयन की सुविधा मिलेगी। पहले चरण में 15 बड़े शहरों और कस्बों में ऐसे केंद्र शुरू किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर कृष्णा जिले के पमिडिमुक्कला गांव में उत्कृष्ट श्रमिकों और नियोक्ताओं को श्रमशक्ति पुरस्कार वितरित करने के बाद की।

उन्होंने कहा कि इन लेबर अड्डों को आगे चलकर स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि मजदूर अपनी योग्यता बढ़ाकर बेहतर रोजगार पा सकें।

नायडू ने श्रमिकों के स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अच्युतापुरम, गुंटूर, कुर्नूल, श्रीसिटी और अमरावती जैसे स्थानों पर नए ईएसआई अस्पताल स्थापित करने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि जिस तरह मजदूर मेहनत से काम करते हैं, उसी तरह सरकार भी राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तेलुगु देशम पार्टी का चुनाव चिन्ह मजदूरों और किसानों का प्रतीक है तथा सरकार गरीब परिवारों के उत्थान के लिए समर्पित है।

मुख्यमंत्री ने श्रमिक कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि निर्माण श्रमिकों तथा उनकी बेटियों के विवाह पर 25 हजार रुपये, प्रसव के लिए 20 हजार रुपये, प्राकृतिक मृत्यु पर 60 हजार रुपये और अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके अलावा विवाद समाधान के लिए चार श्रम न्यायालय भी उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की खुशहाली को अपनी जिम्मेदारी मानती है और कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च को बोझ नहीं समझती।

मछलीपट्टनम पोर्ट परियोजना का उल्लेख करते हुए नायडू ने कहा कि 2014 में भूमि अधिग्रहण हुआ था, लेकिन 2019 में पिछली सरकार ने टेंडर रद्द कर दिए, जिससे देरी हुई। अब ब्रेकवॉटर, ड्रेजिंग और ऑफशोर कार्य तेजी से चल रहे हैं तथा इस वर्ष दिसंबर तक बंदरगाह पूरा करने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़े निवेश आ रहे हैं। रिलायंस द्वारा बड़े डेटा सेंटर में निवेश किया जा रहा है, जबकि गूगल जैसी कंपनियों ने भी रुचि दिखाई है।

उन्होंने उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण द्वारा पंचायत राज क्षेत्र में किए गए सुधारों और शिक्षा मंत्री नारा लोकेश द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि इन सुधारों से कक्षा 10 के परिणाम बेहतर हुए हैं।

साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया, जबकि मौजूदा सरकार पिछले 22 महीनों से सिस्टम को दोबारा मजबूत करने में जुटी है।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।