मुंबई, 18 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी पर लगे उन आरोपों को लेकर हमला बोला है, जिनमें कहा गया है कि उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ के पूरे गीत के गायन पर आपत्ति जताई थी।
कंगना ने इस मामले में कहा कि ‘वंदे मातरम’ भारत की चेतना का प्रतीक है और इसे लेकर किसी भी तरह का विरोध या इसे रोकने की कोशिश करना चिंता की बात है। अभिनेत्री ने इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अब सिर्फ भाजपा का विरोध नहीं कर रही बल्कि देश के खिलाफ भी होती जा रही है।
दरअसल, यह पूरा मामला शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ा है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तिरंगा फहराया। इसके बाद गायकों ने ‘वंदे मातरम’ का गायन शुरू किया। बताया गया कि कांग्रेस की ओर से इस मौके पर गीत के केवल पहले दो अंतरे गाने की बात कही गई थी, लेकिन कार्यक्रम के दौरान गायकों ने ‘वंदे मातरम’ का पूरा संस्करण गाना जारी रखा।
इसी दौरान कथित तौर पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस बात पर ध्यान दिया। उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर इशारा किया और बाद में गायकों से भी बात की। आरोप है कि उन्होंने गायकों को आगे गाने से रुकने के लिए कहा। इसको लेकर अब भाजपा सांसद कंगना रनौत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कंगना ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “वंदे मातरम’ भारत की चेतना को दिखाता है। मैं खुद एक कलाकार के रूप में इस बात को समझती हूं कि कला और कविता लोगों के मन पर कितना गहरा असर डाल सकती है। ऐसे में ‘वंदे मातरम’ के प्रति जिस तरह का विरोध और नफरत दिखाई जा रही है और उसके गायन को रोकने की कोशिश की जा रही है, वह बेहद चिंताजनक है।”
इसके बाद कंगना ने कांग्रेस पर सीधा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा, ”कांग्रेस अब सिर्फ भाजपा विरोधी नहीं रह गई है, बल्कि देश के खिलाफ भी होती जा रही है।”
कंगना ने इसके बाद भाजपा की तैयारियों और पार्टी की टीम को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, ”देश के सामने इस समय कई चुनौतियां हैं और भाजपा ने इन चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी टीम को मजबूत किया है।”
मुंबई का जिक्र करते हुए कंगना ने सिद्धि विनायक मंदिर और दूसरे मंदिरों को क्षेत्र के रक्षक बताया। उन्होंने कहा, ”जब भी मैं मुंबई आती हूं, इन मंदिरों में जाकर आशीर्वाद लेना मेरे लिए सौभाग्य की बात होती है। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुझे गणपति की एक प्रतिमा भेंट की। यह मेरे लिए लिए बेहद खास पल था। ऐसे मौकों पर मुझे आशीर्वाद मिलने का अहसास होता है।”
–आईएएनएस
पीके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



