बीआरएस के प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बाधा डालने की कोशिश नाकाम

Summary :

हैदराबाद, 24 जुलाई (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर इंदिरा पार्क में बीआरएस की युवा शाखा के विरोध प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से बाधा डालने की कोशिश को विफल कर दिया। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीआरएस दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं के प्रति झूठी सहानुभूति जता रही है। साथ ही, यूथ कांग्रेस ने सवाल उठाया कि पार्टी अब तक इस मुद्दे पर चुप क्यों थी। पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे आदर्श नगर स्थित विधायक आवास (एमएलए…

हैदराबाद, 24 जुलाई (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर इंदिरा पार्क में बीआरएस की युवा शाखा के विरोध प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से बाधा डालने की कोशिश को विफल कर दिया। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीआरएस दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं के प्रति झूठी सहानुभूति जता रही है। साथ ही, यूथ कांग्रेस ने सवाल उठाया कि पार्टी अब तक इस मुद्दे पर चुप क्यों थी।

पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे आदर्श नगर स्थित विधायक आवास (एमएलए क्वार्टर्स) से इंदिरा पार्क तक मार्च निकालने के लिए इकट्ठा हुए थे।

बीआरएस की छात्र शाखा बीआरएसवी इंदिरा पार्क में बड़ा विरोध प्रदर्शन कर रही है। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में और उनके समर्थन में किया जा रहा है। साथ ही, प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं।

हालांकि, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इंदिरा पार्क तक रैली निकालने की कोशिश की। उनका आरोप था कि बीआरएस नेता दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर सिर्फ दिखावटी सहानुभूति जता रहे हैं। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीआरएस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता अंजन कुमार यादव के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान अंजन यादव ने आरोप लगाया कि बीआरएस नेता केटी रामाराव को इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि बीआरएस ने अपने 10 साल के शासनकाल में धरना चौक और इंदिरा पार्क में विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगा दी थी लेकिन अब वही पार्टी उसी जगह पर विरोध प्रदर्शन कर रही है।

यादव ने आरोप लगाया कि बीआरएस दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं के प्रति झूठी सहानुभूति दिखा रही है। उन्होंने पूछा कि पिछले 28 दिनों से छात्रों के आंदोलन पर चुप रहने वाले केटी रामा राव अब अचानक उनके समर्थन में क्यों उतर आए हैं।

पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि बीआरएस और बीजेपी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि बीआरएस के शासनकाल में इंटरमीडिएट परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की वजह से छात्रों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

पुलिस ने यूथ कांग्रेस को रैली निकालने की अनुमति नहीं दी और प्रदर्शनकारियों को विधायक आवास (एमएलए क्वार्टर्स) के गेट से आगे नहीं जाने दिया।

जब प्रदर्शनकारियों ने ज़बरदस्ती आगे बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और पुलिस स्टेशन ले गई। अंजन कुमार यादव और कांग्रेस के अन्य नेता हिरासत में लिए गए लोगों में शामिल थे।

–आईएएनएस

एसएचके/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk