नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध एक औपचारिक शिकायत सौंपी है। यह शिकायत खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हाल ही में दिए गए उस बयान को लेकर है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री की तुलना ‘आतंकवादी’ से की थी।
अपनी शिकायत में विष्णु गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल करना बेहद अपमानजनक है और यह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का सीधा अपमान है। उन्होंने उल्लेख किया कि इस बयान से जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है और इससे समाज में तनाव पैदा होने की आशंका है।
हिंदू सेना ने पुलिस से मांग की है कि भड़काऊ टिप्पणी करने और नफरत फैलाने की कोशिश के आरोप में मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाए।
विष्णु गुप्ता ने कहा कि राजनीतिक मतभेद होना सामान्य है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहना मर्यादा की हर सीमा को लांघना है। हम इस मामले में तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग करते हैं।
दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को चेन्नई में आयोजित एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भाजपा, विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पर निशाना साधा। इस दौरान खड़गे ने सारी मर्यादाओं को पार कर दिया। उन्होंने अलोकतांत्रिक शब्दों के जरिए राजनीतिक बयानबाजी की, जिसका विरोध शुरू हो गया है। यहां तक कि कांग्रेस अध्यक्ष के लिए कानूनी मुश्किलें भी खड़ी हो गई हैं।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री पर दिए गए विवादित बयान की कड़ी निंदा की। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि हमने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ उनके उस चौंकाने वाले और शर्मनाक बयान के लिए कड़ी शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘आतंकवादी’ कहा है।
उन्होंने लिखा कि यह सिर्फ अपमानजनक ही नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर एक खतरनाक और अभूतपूर्व हमला है। यह आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है। तत्काल कार्रवाई अनिवार्य है। तुरंत कार्रवाई से कोई समझौता नहीं होगा।
–आईएएनएस
एमएस/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)





















