जम्मू-कश्मीर: कटरा में मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 22 डिवाइस बरामद

Summary :

रियासी, 23 जुलाई (आईएएनएस) जम्मू-कश्मीर की रियासी पुलिस ने संपत्ति से जुड़े अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कटरा में सक्रिय मोबाइल चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चोरी किए गए 22 मोबाइल और करीब 6 लाख रुपए कीमत का एक मंगलसूत्र बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह श्री माता वैष्णो देवी मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन चोरी करता था। पुलिस के मुताबिक, 13 जुलाई को कटरा पुलिस स्टेशन में पंजाब के लुधियाना स्थित भगवान नगर की रहने वाली सपना रानी ने शिकायत दर्ज कराई थी।…

रियासी, 23 जुलाई (आईएएनएस) जम्मू-कश्मीर की रियासी पुलिस ने संपत्ति से जुड़े अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कटरा में सक्रिय मोबाइल चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चोरी किए गए 22 मोबाइल और करीब 6 लाख रुपए कीमत का एक मंगलसूत्र बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह श्री माता वैष्णो देवी मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन चोरी करता था।

पुलिस के मुताबिक, 13 जुलाई को कटरा पुलिस स्टेशन में पंजाब के लुधियाना स्थित भगवान नगर की रहने वाली सपना रानी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कटरा के दर्शनी गेट के पास उनका आईफोन 17 प्रो और सैमसंग गैलेक्सी ए23 मोबाइल फोन चोरी हो गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की। 19 जुलाई को पुलिस ने केवल कुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह अपने साथियों क्रमात अली और अजय सिंह निवासी कटरा के साथ मिलकर तीर्थयात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के दोनों साथी पहले से ही मोबाइल चोरी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार हैं और रियासी की सब जेल में बंद हैं।

पूछताछ के दौरान केवल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह चोरी किए गए मोबाइल फोन बेचकर नशीले पदार्थ खरीदता था। उसने करीब 25 मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की, जिनमें से पांच मोबाइल फोन उसने विनय कुमार निवासी कटरा को बेचे थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से 17 चोरी किए गए मोबाइल फोन और एक टूटा हुआ मंगलसूत्र बरामद किया।

इसके बाद पुलिस ने 22 जुलाई को विनय कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से पांच और चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 22 मोबाइल फोन और एक टूटा हुआ मंगलसूत्र बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। बरामद मोबाइल फोन और मंगलसूत्र के असली मालिकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।

रियासी पुलिस ने उन तीर्थयात्रियों और आम लोगों से अपील की है, जिनके मोबाइल फोन या अन्य कीमती सामान कटरा यात्रा के दौरान चोरी हुए हैं। वे कटरा पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपने सामान की पहचान करें और मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज दिखाकर उसे वापस प्राप्त करें।

–आईएएनएस

एसएचके/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk