E20 पर 100 समर्थकों के साथ केजरीवाल का PM हाउस तक पैदल मार्च का एलान, सौंपेंगे 2.33 लाख लोगों की पिटीशन

Summary :

E20 पेट्रोल के मुद्दे पर घिरी केंद्र सरकार के खिलाफ अरविंद केजरीवाल ने मोर्चा खोल दिया है। वे 100 समर्थकों संग प्रधानमंत्री आवास जाकर 2.33 लाख लोगों के दस्तखत वाली पिटीशन सौंपेंगे।

Kejriwal PM House March : नीट लीक मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ था कि अब E20 फ्यूल विवाद अपने पैर पसार रहा है। बता दें इसी को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक व सुप्रीम अरविन्द केजरीवाल प्रधानमंत्री मोदी के आवास तक पैदल मार्च निकालने जा रहे हैं।

केजरीवाल ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि देश में 20 फीसदी इथेनॉल मिलाया गया पेट्रोल लोगों की गाड़ियों के इंजन को नुकसान पहुंचा रहा है और माइलेज गिरा रहा है, लेकिन सरकार जनभावनाओं को अनसुना कर जबरन इसे थोप रही है।

केंद्र पर बोला सीधा हमला

अरविन्द केजरीवाल ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इथेनॉल नीति के पीछे केंद्र के एक छिपे एजेंडे का अंदेशा जताया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिकी दबाव के चलते भारत में इथेनॉल के आयात को बढ़ावा दिया जा रहा है।

केजरीवाल के मुताबिक, आने वाले पांच सालों में अमेरिका से करीब 20 बिलियन डॉलर का इथेनॉल भारत लाया जा सकता है, जिसका सीधा असर देश के आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।

PM आवास तक मार्च की तैयारी

बता दें, अरविंद केजरीवाल ने साफ किया कि करीब एक महीना पहले उन्होंने प्रधानमंत्री को इस सिलसिले में पत्र भेजा था, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला। इसी के चलते वे अब 100 चुनिंदा समर्थकों और ‘इथेनॉल प्रभावित’ गाड़ी मालिकों के साथ खुद प्रधानमंत्री आवास जाकर यह पिटीशन सौंपेंगे।

केजरीवाल ने कहा कि वे पीएम के सामने पेट्रोल पंपों पर प्योर पेट्रोल का विकल्प देने और E20 की कीमतों को घटाने जैसे अहम मुद्दों पर सीधे बात करना चाहते हैं।

जनसमर्थन और ऑनलाइन पिटीशन

दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित ‘नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट E20’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए आप प्रमुख ने दावा किया कि इस प्रसारण से करीब 7 लाख लोग सीधे जुड़े, जो इस मुद्दे की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नीति का विरोध करने वाले सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स को डराया-धमकाया जा रहा है। E20 के खिलाफ चलाए गए एक डिजिटल अभियान में अब तक लगभग 2.33 लाख लोग अपने दस्तखत दर्ज करा चुके हैं।

यह भी पढ़ें – 20 साल में 25 बार ट्रांसफर हुए तुकाराम मुंढे फिर आए चर्चाओं में, जानिए 29 अफसरों ने क्यों खोला उनके खिलाफ मोर्चा?

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।