कोल्हापुर, 20 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कोल्हापुर में एक सभा को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र सरकार की ओर से करवीर निवासिनी माता अंबाबाई मंदिर के जीर्णोद्धार और भव्य कॉरिडोर निर्माण कार्य की सराहना की।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की इस पवित्र भूमि पर स्थित माता अंबाबाई का धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां शुरू हुआ विकास कार्य भक्तों के लिए खुशी और गर्व का विषय है।
अमित शाह ने कहा कि करवीर नगर में सदियों से माता अंबाबाई का निवास रहा है और अब महाराष्ट्र सरकार मंदिर के पुनर्निर्माण तथा कॉरिडोर निर्माण का कार्य कर रही है। इस परियोजना पर करीब 1,500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इससे न केवल मंदिर परिसर का विकास होगा, बल्कि श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि देश में यह सांस्कृतिक पुनर्जागरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के विजन के तहत हो रहा है। महाराष्ट्र के सभी ज्योतिर्लिंगों और शक्तिपीठों के विकास और पुनरोद्धार का काम तेजी से चल रहा है।
संबोधन में गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसे कई कार्य पूरे किए हैं जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय लोगों को लगता था कि उनके जीवनकाल में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं हो पाएगा, लेकिन 2014 में भाजपा सरकार बनने और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आज भव्य राम मंदिर भगवा ध्वज के साथ खड़ा है।
अमित शाह ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, सोमनाथ मंदिर के स्वर्णिम स्वरूप और मां कामाख्या कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब अंबाबाई कॉरिडोर का कार्य भी इसी शृंखला का हिस्सा बन गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने पीएम मोदी के एक और रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने कहा कि जब स्वतंत्र भारत का इतिहास लिखा जाएगा, तब इन 12 वर्षों को विकसित भारत के निर्माण, भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण, सुरक्षित भारत और दुनिया में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा के स्वर्णिम काल के रूप में याद किया जाएगा।
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल का भी जिक्र किया और कहा कि वहां की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बंगाल की सीमाओं पर घुसपैठ को रोका जाएगा और हर घुसपैठिए की पहचान कर उसे बाहर किया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस और उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता घुसपैठियों को वोट बैंक बनाकर राजनीति करना चाहते हैं। भारत कोई धर्मशाला नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा के हर पहलू को मजबूत किया जा रहा है।
–आईएएनएस
वीकेयू/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























