नीट की दोबारा परीक्षा से पहले केंद्रों पर की गई मॉकड्रिल, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले शनिवार को दिल्ली समेत देश भर के परीक्षा केंद्रों पर मॉकड्रिल की गई। इस दौरान परीक्षा केंद्रों की निगरानी समेत अन्य पहलुओं को पुलिस सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने देखा।

नोएडा में भी नीट की दोबारा परीक्षा से पहले, सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने के लिए सेक्टर 46 के भवानी शंकर इंटर कॉलेज में मॉक ड्रिल की गई। छत्तीसगढ़ के रायपुर 21 जून को होने वाली परीक्षा से पहले शहर भर के नीट परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल की गई, जिसमें 25 केंद्रों पर 9,050 उम्मीदवार कड़ी एंट्री और टाइमिंग नियमों के तहत परीक्षा में शामिल होंगे।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने कहा, “प्रयागराज में 47 केंद्रों पर नीट यूजी आयोजित की जाएगी और सभी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। कल सुबह एक मॉक ड्रिल और ड्राई रन किया जाएगा। हमने यह सुनिश्चित किया है कि छात्रों को परीक्षा केंद्रों पर कोई असुविधा न हो।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने कहा, “नीट परीक्षा के लिए हमें लगभग 25,000 उम्मीदवारों की सूची मिली है, जो यहां आएंगे। उनके लिए जगह की व्यवस्था करने और स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, हम अपने आरपीएफ और जीआरपी स्टाफ के साथ अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था कर रहे हैं। इसके अलावा, मेडिकल टीम को भी स्टेशन पर मौजूद रहने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।”

नीट री-एग्जाम पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने कहा, “हम अपनी शुभकामनाएं देते हैं। सरकार जो कोशिशें कर रही है, हम उसकी सराहना करते हैं और उसका स्वागत करते हैं। जिस तरह से सरकार काम कर रही है, मुझे नहीं लगता कि ऐसी घटनाएं दोबारा होंगी।”

गुजरात के राजकोट स्थित धर्मेंद्र सिंह कॉलेज के इंचार्ज प्रिंसिपल शिशिर भारद्वाज ने कहा, “इस कॉलेज में कुल 552 छात्र-छात्राओं को अलॉट किया गया है। यह नीट का री-एग्जाम है, जो बहुत संवेदनशील मामला है। हम सरकार के सभी निर्देशों का सख्ती से पालन कर रहे हैं।”

पश्चिम बंगाल स्थित खड़गपुर केंद्रीय विद्यालय के प्रिंसिपल और नीट डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज संग्राम बनर्जी ने कहा, “पेपरलीक की वजह से नीट का एग्जाम दूसरी बार हो रहा है। हमारे जिले में लगभग 13 केंद्र हैं और करीब 6500 छात्र री-टेस्ट दे रहे हैं।

हरियाणा में नीट री-एग्जाम देने वाले छात्रों के लिए दो दिन तक मुफ्त बस यात्रा की व्यवस्था की गई है। छात्र अपना एडमिट कार्ड दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। करनाल बस स्टैंड के इंचार्ज सोनू ने कहा, “सरकार ने 20 और 21 जून के लिए एडवाइजरी जारी की है। नीट एग्जाम देने वाले छात्र अपना एडमिट कार्ड दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकते हैं।”

दिल्ली में एक छात्र ने कहा, “मेरी तैयारी बहुत अच्छी चल रही है। मैं पिछले सालों के प्रश्न बहुत अच्छे से सॉल्व कर रहा हूं। पिछली बार परीक्षा रद्द हो गई थी और मैं बहुत निराश हुआ था। इस बार भी मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं ताकि सफल हो सकूं।”

–आईएएनएस

ओपी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।