लखनऊ, 10 जून (आईएएनएस)। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी जहां उपलब्धियों का जश्न मना रही है, वहीं कांग्रेस ने इसे लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि भाजपा जिन 12 वर्षों को ‘बेमिसाल’ बता रही है, वे वास्तव में बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक, आर्थिक असमानता और संस्थागत गिरावट के लिए याद किए जाएंगे।
अजय राय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने के बजाय विफलताओं को छिपाने के लिए उत्सव का सहारा ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में देश की शिक्षा और भर्ती व्यवस्था सबसे अधिक प्रभावित हुई है। उनके अनुसार, पूरे देश में 90 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, जबकि अकेले उत्तर प्रदेश में दो दर्जन से अधिक भर्ती परीक्षाएं विवादों में रहीं।
उन्होंने कहा कि इससे करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने रोजगार सृजन के बजाय लोगों को सरकारी राशन पर निर्भर बना दिया है। उन्होंने दावा किया कि आज देश के 80 करोड़ लोग मुफ्त राशन लेने को मजबूर हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश के लगभग 16 करोड़ लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों के हाथों से रोजगार छीनकर उन्हें राशन के झोले थमा दिए हैं।
अजय राय ने आर्थिक मोर्चे पर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि बेरोजगारी लगातार गंभीर समस्या बनी हुई है और दो करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष देने का वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि भारत की अर्थव्यवस्था और प्रतिव्यक्ति आय के कई संकेतक चिंताजनक स्थिति में हैं। उनके मुताबिक, सरकार की आर्थिक नीतियों का लाभ आम नागरिक तक नहीं पहुंच पाया है।
उन्होंने विदेश नीति को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राय ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की स्थिति पहले की तुलना में कमजोर हुई है और सरकार राष्ट्रीय हितों की रक्षा में अपेक्षित मजबूती नहीं दिखा सकी है। महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए अजय राय ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि खाद और अन्य कृषि उत्पादों की बढ़ती कीमतों से किसान भी परेशान हैं, जबकि आवश्यक वस्तुओं की महंगाई ने मध्यम वर्ग और गरीब तबकों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
अजय राय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की ‘डबल इंजन’ सरकारें जनता की मूल समस्याओं का समाधान करने में असफल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता रोजगार, शिक्षा, महंगाई और किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर जवाब चाहती है, लेकिन सरकार इन सवालों से बचने के लिए उत्सव और प्रचार का सहारा ले रही है।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























