PM Modi Guard of Honour : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को सेशेल्स की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान राजधानी विक्टोरिया के स्टेट हाउस में औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ (Guard of Honour) दिया गया। इस दौरान सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी भी वहां मौजूद रहे। पीएम मोदी की यह कूटनीतिक यात्रा 27 से 29 जून तक चलेगी, जिसका मुख्य मकसद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है।
राष्ट्रपति हर्मिनी ने स्टेट हाउस में पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद दोनों नेताओं ने आधिकारिक चर्चा में हिस्सा लिया। इस दौरे से हिंद महासागर क्षेत्र में भारत और सेशेल्स की रणनीतिक साझेदारी को एक नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
PM Modi Seychelles visit : आजादी के 50वें साल पर मुख्य अतिथि बने पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के स्वर्ण जयंती राष्ट्रीय दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। यह ऐतिहासिक समारोह वर्ष 1976 में ब्रिटेन से मिली आजादी के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है। शनिवार दोपहर जब पीएम मोदी विक्टोरिया पहुंचे, तो खुद राष्ट्रपति हर्मिनी और उनके कैबिनेट मंत्रियों ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। इस दौरान गुजरात के कच्छ क्षेत्र का पारंपरिक लोकनृत्य भी पेश किया गया। पीएम मोदी ने वहां मौजूद भारतीय प्रवासियों की जमकर तारीफ की और इसे ‘ग्लोबल कनेक्ट’ की एक बेहतरीन मिसाल बताया।
Seychelles President Meeting : भारत ने भेंट किया ‘फास्ट पेट्रोल वेसल’

शनिवार को दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती का एक नजारा तब दिखा जब पीएम मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी एक ही कार में सवार होकर सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन पहुंचे। इस यात्रा के दौरान भारत ने सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित फास्ट पेट्रोल वेसल ‘पीएस एलईएसपीडब्ल्यूएआर’ (PS LESPWAR) गिफ्ट किया।
इसके साथ ही भारत ने सेशेल्स को 6 एंबुलेंस, 10 यूटिलिटी गाड़ियां और 5 लेजर रेडियल नावें भी सौंपीं, जिससे उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र में गश्त लगाने की क्षमता मजबूत होगी।
विदेश मंत्रालय ने सोशल एक्स (X) पर कहा कि भारत में बना यह पोत हिंद महासागर में सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा और निगरानी में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


Download Android App
Download iOS App




