तेजस्वी यादव की बंगाल रैली पर राम कृपाल यादव का तंज, बोले- ‘कोई फायदा नहीं’

पटना, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने प्रचार में ताकत झोंक दी है। बिहार के नेता भी बंगाल में प्रचार कर रहे हैं। इसी बीच, राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की पश्चिम बंगाल में रैली को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कटाक्ष किया है।

भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने तेजस्वी यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में उनके घूमने से कोई फायदा नहीं होगा। आईएएनएस से बात करते हुए राम कृपाल ने कहा, “तेजस्वी यादव बिहार की चिंता करें और अपनी पार्टी की चिंता करें। कहां अपनी उपस्थिति दर्ज करने के लिए पश्चिम बंगाल जा रहे हैं? जब बिहार के लोग ही उनकी नहीं सुन रहे हैं तो बंगाल में भी वही लोग हैं, वे उनकी क्या सुनेंगे।”

इससे पहले, तेजस्वी यादव पिछले दो दिन से पश्चिम बंगाल में घूम रहे हैं और तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं कर रहे हैं। उन्होंने 24 अप्रैल को उत्तर 24 परगना जिले में रैलियां कीं। शनिवार को उत्तर 24 परगना के अलावा भवानीपुर में भी टीएमसी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया।

तेजस्वी यादव ने दावा किया, “भाजपा की तिकड़मों को बंगाल की जनता करारा जवाब देगी। बंगाल की जनता ने चौथी बार ममता दीदी को अपना अपार समर्थन, स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद देने का मन बना लिया है।” राजद नेता ने विश्वास जताया कि ममता बनर्जी लगातार चौथी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनेंगी।

वहीं, राम कृपाल यादव ने 7 राज्यसभा सांसदों के आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “सभापति समझदारी से निर्णय लेते हैं और आगे भी ऐसा ही करते रहेंगे। आम आदमी पार्टी के कई सांसदों ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। अगर कोई समूह किसी पार्टी को छोड़कर बहुमत के साथ दूसरी पार्टी में शामिल हो जाता है, तो इसे वैध माना जाता है, कानून के तहत इसकी अनुमति है। अब चेयरमैन के पास पूरा मामला है। वे जो उचित होगा, उस हिसाब से अपना फैसला लेंगे।”

–आईएएनएस

डीसीएच/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।