जम्मू & कश्मीर के अनंतनाग शहर में पुलिस की कथित ज्यादतियों के विरोध में हड़ताल के कारण आज यहां जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। इस बीच कारोबारियों ने अनंतनाग के लाल चौक पर धरना भी दिया। कारोबारियों का आरोप है कि क्षेत्र में चोटी काटने की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने कल उनकी दुकानों को नुकसान पहुंचाया और उनकी पिटाई भी की।
सुरक्षा बलों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कारोबारियों ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे एक कारोबारी ने बताया, कल हम लोग विरोध प्रदर्शन नहीं कर रहे थे, फिर भी पुलिस आई और हमारी कुछ दुकानों में तोडफ़ोड़ की गई तथा कई दुकादानों को पीटा गया।
कल की घटना के विरोध में स्थानीय कारोबारियों की ओर से किए गए हड़ताल के आह्वान के समर्थन में अनंतनाग शहर में आज तड़के से ही दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। हालांकि, जिले के अन्य हिस्सों से स्थिति सामान्य बनी हुई है।


Download Android App
Download iOS App



