जम्मू : नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) ने शनिवार को उम्मीद जताई कि नवनियुक्त उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू लोगों की भावनाओं और संवेदनाओं का सम्मान करेंगे और जम्मू-कश्मीर के राज्य के दर्जे को बहाल करने को प्राथमिकता देंगे।
पार्टी ने उम्मीद जताई कि राजभवन में बदलाव से जम्मू-कश्मीर के लोगों में भरोसे के नए युग की शुरुआत होगी।
उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं मौजूदा व्यय सचिव मुर्मू को जम्मू-कश्मीर का पहला उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम कर चुके हैं। अगले हफ्ते जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के रूप में अस्तित्व में आएगा और 31 अक्टूबर को श्रीनगर में मुर्मू नयी जिम्मेदारी संभालेंगे।
नेशनल कांफ्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की ओर से जारी संयुक्त बयान में पार्टी ने कहा कि वह उथलपुथल भरे जम्मू- कश्मीर में ऐतिहासिक भूमिका निभाने को प्रतिबद्ध है। नेकां ने कहा कि वह लोगों की पीड़ा के मामले में मूकदर्शक बनकर नहीं रहेगी।


Download Android App
Download iOS App



