हरतालिका तीज के पावन अवसर पर माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा की जाती है। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं। तीज का त्योहार मीठे के बिना अधूरा माना जाता है। व्रत के बाद या पूजा के भोग के लिए घर पर बनी मिठाइयों का अपना ही स्वाद होता है। अगर आप भी इस तीज घर पर कुछ टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो ये रेसिपीज आइडिया आपको जरूर पसंद आएगा।
तीज पर बनाएं ये स्वीट डिशेस
1. बेसन के पेड़े

बेसन के पेड़े झटपट तैयार हो जाते हैं और इन्हें कई दिनों तक स्टोर करके भी रखा जा सकता है। इसे बनाने के लिए बेसन, देसी घी,चीनी, इलायची पाउडर, पिस्ता की कतरन लें। इसके बाद कढ़ाई में घी गरम करें और उसमें बेसन डालकर धीमी आंच पर भूनें। जब बेसन से अच्छी खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तो गैस बंद कर दें। मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। गुनगुने मिश्रण में पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर अच्छी तरह मिलाएं। अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे पेड़े का आकार बनाएं और ऊपर से पिस्ता लगाकर दबाएं।
2. चाशनी वाली गुजिया

तीज पर गुजिया बनाने का रिवाज होता है। यह बाहर से कुरकुरी और अंदर से मीठी होती है। इसे बनाने के लिए मैदा, मोयन के लिए घी, मावा, चीनी का पाउडर, कटे हुए मेवे और इलायची पाउडर, चीनी लें। इसके बाद मैदे में घी का मोयन डालकर सख्त आटा गूंद लें और 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। कढ़ाई में मावा भूनें और ठंडा होने पर उसमें चीनी का पाउडर, मेवे और इलायची पाउडर मिलाएं। आटे की छोटी-छोटी पूरियां बेलें, उसमें मावे का मिश्रण भरें और किनारों को बंद करके गुजिया का आकार दें। धीमी आंच पर गुजिया को सुनहरा होने तक तलें। 1 तार की चाशनी बनाएं और तली हुई गुजिया को 2-3 मिनट के लिए चाशनी में डुबोकर निकाल लें।
3. सूजी और मावा के घेवर

घेवर तीज के त्योहार की पहचान है। सावन और भादों के महीने में इसे बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए सूजी या मैदा, घी, ठंडा दूध, ठंडा पानी, चीनी, मावा, इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स लें। इसके बाद एक बर्तन में जमा हुआ घी लें और उसमें बर्फ के टुकड़े डालकर अच्छे से फेटें, जब तक घी मक्खन जैसा सफेद न हो जाए। अब इसमें धीरे-धीरे सूजी या मैदा, ठंडा दूध और ठंडा पानी मिलाकर एक पतला घोल (बैटर) तैयार करें। एक गहरे बर्तन में तेल या घी तेज गरम करें और बीच में थोड़ा-थोड़ा घोल डालते जाएं। जब घेवर सुनहरा हो जाए, तो इसे सावधानी से निकाल लें। 1 तार की चाशनी बनाकर घेवर पर डालें। ऊपर से मावा, इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे लगाकर सजाएं।
4. बेसन के लड्डू

बेसन और घी की खुशबू से घर महक उठता है। बप्पा को बेसन के लड्डूओं का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है। इसे बनाने के लिए बेसन, पिसी हुई चीनी, घी, इलायची पाउडर, कटे हुए बादाम और पिस्ता लें। इसके बाद कढ़ाई में घी गर्म करें और उसमें बेसन डालकर धीमी आंच पर लगातार भूनें। जब बेसन से अच्छी खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का भूरा हो जाए, तब गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। अब इसमें पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर अच्छी तरह मिला लें। हाथों में थोड़ा घी लगाकर इसके गोल-गोल लड्डू बना लें और ऊपर से कटे हुए मेवे लगाएं।


Download Android App
Download iOS App




