अगर आप भी सुबह की जल्दबाजी में बिना गैस जलाए कुछ टेस्टी और हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो आज हम आपको ऐसी ही रेसिपी के बारे में बताने वाले हैं, जिसे बनाने में बहुत कम समय लगता है और आप इसे ब्रेकफास्ट या लंच में खा सकते हैं। जब भी आपका कुछ मीठा खाने का मन हो या फिर आपके घर में मेहमान आ जाएं, तो आप झटपट इस डिश को बना सकते हैं, तो चलिए यहां देखते हैं ये रेसिपी कौन-कौन सी हैं।
सुबह की जल्दबाजी के लिए बेस्ट डिशेस
1. फ्रूट कस्टर्ड

बिना गैस जलाए आप इंस्टेंट कस्टर्ड पाउडर या गाढ़े दही की मदद से यह हेल्दी और टेस्टी डेजर्ट बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए गाढ़ा मीठा दही या गाढ़ा दूध, शहद या पिसी चीनी, कटे हुए ताजे फल, थोड़े से मेवे लें। इसके बाद एक बड़े बाउल में दही और शहद को तब तक फेंटें जब तक वह एकदम चिकना न हो जाए। अब इसमें सभी कटे हुए फल और मेवे डालें। इसे अच्छी तरह मिलाएं और 1 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा-ठंडा फ्रूट कस्टर्ड तैयार है।
2. मैंगो, स्ट्रॉबेरी योगर्ट

यह एक बहुत ही हल्का और हेल्दी ऑप्शन है, जिसे आप कभी भी बनाकर खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए गाढ़ा दही, आम या स्ट्रॉबेरी की प्यूरी, शहद, बारीक कटे मेवे लें। इसके बाद एक कटोरी में गाढ़ा दही, फलों की प्यूरी और शहद डालें। इसे अच्छे से तब तक फेंटें जब तक यह क्रीमी न दिखने लगे। ऊपर से कटे हुए मेवे डालकर सजाएं और ठंडा करके सर्व करें।
3. खजूर और ड्राई फ्रूट्स के लड्डू

बिना चीनी और बिना गैस के बनने वाले ये लड्डू बहुत ही हेल्दी होते हैं। इसे बनाने के लिए सॉफ्ट खजूर, मिक्स मेवे, कसा हुआ नारियल लें। इसके बाद मिक्सी के जार में खजूर और सभी मेवों को डालकर हल्का दरदरा पीस लें। इस मिश्रण को एक बर्तन में निकालें। हाथों पर थोड़ा सा घी या तेल लगाकर मिश्रण से छोटे-छोटे लड्डू बना लें। इन लड्डुओं को कसे हुए नारियल में लपेटें ताकि ये दिखने में आकर्षक लगें।
4. ब्रेड रसमलाई

रसमलाई बनाने में काफी समय लगता है, लेकिन ब्रेड से आप इसे झटपट बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए ब्रेड स्लाइस, कंडेंस्ड मिल्क या गाढ़ा मीठा दूध, इलायची पाउडर, बादाम और पिस्ता, केसर लें। इसके बाद एक कटोरी में मीठा दूध, इलायची पाउडर और केसर मिलाकर ठंडा कर लें। ब्रेड स्लाइस को किसी ढक्कन या कटोरी की मदद से गोल आकार में काट लें। फिर ब्रेड के गोल टुकड़ों को रखें। ऊपर से तैयार किया हुआ ठंडा मीठा दूध डालें ताकि ब्रेड दूध को अच्छी तरह सोख ले। कटे हुए बादाम और पिस्ता से सजाकर सर्व करें।


Download Android App
Download iOS App




