How to Control Stubborn Kids: जिद्दी बच्चों को डांटने या मारने की जगह इन 5 आसान तरीकों से करें कंट्रोल, मानेंगे हर बात

Summary :

अक्सर बच्चे अपनी बात मनवाने के लिए जिद्द करते हैं, और माता-पिता को उन्हें कंट्रोल करना मुश्किल लगता है। लेख बताता है कि बच्चों को डांटना या मारना गलत तरीके हैं, जो उन्हें और जिद्दी बनाते हैं। बच्चों पर चिल्लाने या गुस्सा करने से वे और जिद्दी होते हैं। शांत दिमाग से अपनी बात समझाएं।

How to Control Stubborn Kids: कई बार बच्चे अपनी बात मनवाने के लिए अपने पेरेंट्स की भी नहीं सुनते हैं। ऐसे में बच्चों को समझाना और उन्हें कंट्रोल करना माता पिता के लिए बहुत मुश्किल हो जाता है। ऐसे बच्चे बड़े होकर भी जिद्दी ही बनते हैं। इसलिए, इनकी ये आदत बचपन में ही सुधार देनी चाहिए। लेकिन, बहुत बार जिद्दी बच्चों को संभालने के लिए मां बाप उनके साथ गलत व्यवहार करने लगते हैं, जैसे उन्हें डांटना और उन पर हाथ उठाना। ये बिल्कुल गलत तरीके हैं। अगर आपका बच्चा जिद्दी है, तो उनकी परवरिश करते समय नीचे बताई गईं बातों का ध्यान रखना चाहिए।

जिद्दी बच्चों को कंट्रोल करने के टिप्स (How to Control Stubborn Kids)

1. बच्चों के साथ लड़ाई न करें, शांत रहें

Stubborn Kid
Stubborn Kid (Magnific)

अगर आप बच्चों पर चिल्लाकर या गुस्से में बात करेंगे, तो बच्चा और भी ज्यादा जिद्दी हो जाएगा। उसके स्वभाव में गुस्सा और चिड़चिड़ापन बढ़ जाएगा। इसलिए बच्चे से बहस न करें, बल्कि ठंडे दिमाग से अपनी बात समझाने की कोशिश करें।

2. बच्चों के साथ जबरदस्ती न करें

बच्चों से किसी भी बात पर जबरदस्ती करने से वे गुस्सैल बनने लगते हैं। जबरदस्ती करने से उस समय के लिए तो काम हो सकता है, लेकिन आगे चलकर यह नुकसानदायक होता है। जब आप जबरदस्ती करते हैं, तो बच्चे वही काम ज्यादा करते हैं जिसके लिए मना किया जाता है। इसलिए, जबरदस्ती करने के बजाय बच्चों के साथ एक अच्छा रिश्ता बनाने की कोशिश करें।

3. बच्चों की बात सुनें, गुस्सा न करें

अगर आपका बच्चा आपकी बात नहीं सुनता, तो आप भी उसके साथ वैसा ही व्यवहार न करें। अगर आप चाहते हैं कि बच्चा आपकी सुने, तो पहले आपको भी उसकी बात ध्यान से सुननी होगी। इससे आप दोनों के बीच समझ बढ़ेगी। अगर बच्चा अपनी कोई बात रख रहा है, तो उस बात को सुनें और समझें, नहीं तो बात बिगड़ जाएगी और बच्चा और ज्यादा जिद्दी हो जाएगा।

4. बच्चों को आदेश न दें, ऑप्शंस दें

How to Control Stubborn Kids
How to Control Stubborn Kids (Magnific)

बच्चों पर हुक्म चलाने के बजाय उन्हें ऑप्शन दें। जैसे मान लीजिए, अगर बच्चा समय पर होमवर्क नहीं कर रहा है, तो काम टालने के बजाय उन्हें काम का समय चुनने की आजादी दें। जैसे,  “क्या आप अपना होमवर्क अभी करेंगे या रात के खाने के बाद?”

5. बच्चों की भी रिस्पेक्ट करें

जब आप बच्चों को सम्मान देते हैं, तो वे भी आपकी बात को समझते हैं और आपका सम्मान करते हैं। उन पर अपनी बातें न थोपें। अगर आपका बच्चा आपको कुछ बताता है, तो उसकी बात को तुरंत मना न करें, इससे उनका दिल दुखता है। बच्चों पर अपना भरोसा जताएं ताकि उन्हें महसूस हो कि आप उन पर पूरा भरोसा करते हैं।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।