Ajit Pawar Plane Accident Case: महाराष्ट्र की राजनीति में हाल ही में हुए विमान हादसे ने नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार और उनकी पार्टी के नेताओं ने अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है। मंगलवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक ज्ञापन सौंपा।
इस प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रफुल पटेल, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, सांसद सुनील तटकरे, मंत्री हसन मुश्रीफ और युवा नेता पार्थ पवार शामिल थे। नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग रखी।
Ajit Pawar Plane Accident Case: मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

सांसद सुनील तटकरे ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में उन्होंने मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अजित पवार की विमान दुर्घटना की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हादसे की सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि जरूरत पड़ी तो उचित कदम उठाए जाएंगे।
Sunetra Pawar CBI investigation Demand: 28 जनवरी को हुआ था हादसा

अजित पवार की मौत को करीब तीन सप्ताह हो चुके हैं। 28 जनवरी को उनका विमान बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस समय वे मुंबई से बारामती एक बैठक में शामिल होने जा रहे थे। इस दुखद हादसे में अजित पवार के साथ कुल छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में उनके सुरक्षा गार्ड विदीप जाधव, विमान के पायलट सुमित कपूर, शम्भावी पाठक और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल थे। यह घटना पूरे राज्य के लिए बड़ा झटका साबित हुई।
रोहित पवार ने जताया शक
इस दुर्घटना को लेकर अब कई सवाल उठने लगे हैं। अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने हाल ही में मुंबई और दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हादसे पर संदेह जताया। उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ एक सामान्य विमान दुर्घटना नहीं थी। रोहित पवार ने कहा कि यह मामला ‘हिट एंड रन’ जैसा हो सकता है। उन्होंने 28 जनवरी की पूरी घटना का क्रमवार विवरण दिया और कुछ सबूत भी मीडिया के सामने रखे। उनके बयान के बाद इस मामले ने राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तर पर गंभीर रूप ले लिया है।
रिकॉर्डर से डेटा रिकवरी जारी
इस बीच हादसे से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। दुर्घटनाग्रस्त विमान के दोनों रिकॉर्डर, फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर, आग और अत्यधिक तापमान के कारण बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम इन रिकॉर्डरों से डेटा निकालने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि विमान जिस देश में बना था, वहां के आधिकारिक प्रतिनिधियों से भी तकनीकी सहायता मांगी गई है, ताकि हादसे के कारणों का सही पता लगाया जा सके।
सच्चाई का इंतजार

अजित पवार की मौत ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। परिवार और पार्टी के नेताओं की मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या यह जांच सीबीआई को सौंपी जाएगी और जांच से क्या नए तथ्य सामने आते हैं।


Download Android App
Download iOS App




