Jharkhand में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, भारी मात्रा में बरामद हुआ विस्फोटक

Summary :

Jharkhand के कोल्हान प्रमंडल में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना और सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र से सटे जंगलों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया, जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चाईबासा के पुलिस अधीक्षक को गुप्त जानकारी मिली थी कि भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु और अनल अपने दस्ते के साथ कोल्हान और सारंडा जंगलों में सक्रिय हैं. यह भी सूचना मिली थी कि ये नक्सली सुरक्षा बलों को…

Jharkhand के कोल्हान प्रमंडल में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना और सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र से सटे जंगलों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया, जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चाईबासा के पुलिस अधीक्षक को गुप्त जानकारी मिली थी कि भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु और अनल अपने दस्ते के साथ कोल्हान और सारंडा जंगलों में सक्रिय हैं. यह भी सूचना मिली थी कि ये नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं. इसके बाद 19 जुलाई से चाईबासा और सरायकेला-खरसावां पुलिस, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन की टीम ने संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान शुरू किया.

जंगलों से बरामद हुए घातक विस्फोटक

20 जुलाई को टोकलो और कुचाई थाना क्षेत्र के जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली. यहां से कुल 14 शक्तिशाली आईईडी, देसी हैंड ग्रेनेड, अमोनियम नाइट्रेट पाउडर, विस्फोटक पाउडर और स्टील कंटेनर बरामद किए गए. इन सभी सामग्रियों का इस्तेमाल विस्फोटक रखने और हमले की तैयारी के लिए किया जा रहा था. बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया. (Jharkhand)

समय रहते बड़ी घटना टली

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अगर यह विस्फोटक समय पर नहीं पकड़े जाते, तो इससे सुरक्षा बलों या आम नागरिकों पर बड़ा हमला हो सकता था. समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी दुर्घटना को टालने में सफलता मिली है. पुलिस का कहना है कि ऐसे सघन तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे.

इससे पहले भी हुई हैं कई बरामदगियां

इससे पहले 4 जुलाई को टोकलो थाना और दलभंगा ओपी के सीमावर्ती जंगली इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था, जिसमें 30 आईईडी बरामद किए गए थे. इसके अलावा 1 जुलाई को टोंटो थाना क्षेत्र के हुसिपी जंगल से 18 हजार डेटोनेटर जब्त किए गए थे. वहीं, 18 जून को भी टोकलो थाना क्षेत्र के चितपिल जंगल से 14 शक्तिशाली आईईडी बरामद किए गए थे.

नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी

सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सलियों की गतिविधियों को रोकने के लिए ऐसे ऑपरेशन लगातार चलाए जा रहे हैं. पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त कार्रवाई से नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फिर रहा है. प्रशासन का उद्देश्य है कि कोल्हान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थायित्व बना रहे. (Jharkhand)

यह भी पढ़ें-छत्तीसगढ़: नारायणपुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 6 नक्सली ढेर, सीएम विष्णु देव ने दी बधाई

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।