रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी को जमानत देने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का बीजेपी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने स्वागत किया है। इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र की महा विकास अघाडी सरकार पर जमकर निशाना साधा। अर्नब को साल 2018 में आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के एक मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने शिवसेना की अगुवाई वाली सरकार पर राज्य में आपातकाल जैसी स्थिति बनाने का आरोप लगाया। विधानसभा में विपक्ष के नेता ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने कोर्ट की इजाजत लिए बिना बंद मामले को खोल दिया और गोस्वामी के साथ ”सड़क के अपराधी” की तरह सुलूक किया।
उन्होंने आरोप लगाया, “उन्हें (गोस्वामी) को सरकार ने प्रताड़ित किया और एक जेल से दूसरी जेल भेजती रही। यह सरकार निजी दुश्मनी की वजह से उनके पीछे पड़ी है।” सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत पाने के कुछ ही घंटों के भीतर अर्नब गोस्वामी महाराष्ट्र की तालोजा जेल से रिहा कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



