पंजाब में कांग्रेस के भीतर लंबे समय तक चली तनातनी और अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद वरिष्ठ दलित नेता चरणजीत सिंह चन्नी को रविवार को पार्टी विधायक दल का नया नेता चुना गया और वह सोमवार को राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
वह पंजाब के पहले दलित नेता हैं, जो राज्य का मुख्यमंत्री बनेंगे। अट्ठावन वर्षीय चन्नी सोमवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।जहां राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित चन्नी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश मामलों के प्रभारी हरीश रावत, पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक अजय माकन और हरीश चौधरी, कैप्टन अमरिंदर समेत पार्टी के विधायक तथा अन्य वरिष्ठ नेता और गणमान्य भी उपस्थित रहेंगे।
फिलहाल चन्नी के ही मुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ ग्रहण करने की बात सामने आ रही है। हालांकि उनके साथ दो उप मुख्यमंत्रियों के भी शपथ लेने की पहले सुगबुगाहट थी जिनमें निवर्तमान सरकार में खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री भरत भूषण आशु तथा सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अरूणा चौधरी के नाम सामने आये थे। हाईकमान की ओर से संकेत अथवा आदेश मिलने पर इस बारे में फैसला शपथ ग्रहण समारोह से ऐन पहले भी हो सकता है।
इससे पहले चन्नी को गत रविवार को पंजाब कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था जिसकी सूचना रावत ने ट्टीट कर दी थी। उन्होंने कहा ‘उन्हें यह बताते हुये खुशी हो रही है कि चन्नी को पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया है‘। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद चन्नी ने रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ राजभवन पहुंच कर सरकार बनाने को लेकर विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा था। उन्होंने मुख्यमंत्री पद के लिये उनका नाम तय करने के लिये पार्टी हाईकमान का भी आभार व्यक्त किया था।
चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के विधायक रहे चन्नी कैप्टन सरकार में 16 मार्च 2017 को कैबिनेट मंत्री बनाये गये थे। श्री चन्नी रामदासिया सिख समुदाय से हैं तथा अनुसूचित जाति वर्ग से वह राज्य के पहले मुख्यमंत्री होंगे तथा कैप्टन अमरिंदर का स्थान लेंगे। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और कैप्टन अमरिंदर समेत अनेक पार्टी के नेताओं ने चन्नी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कैप्टन ने उम्मीद व्यक्त की कि चन्नी सीमावर्ती राज्य पंजाब को सुरक्षित रखने तथा सीमा पर बढ़ रहे सुरक्षा खतरों से जनता की रक्षा करने में सक्षम होंगे।


Download Android App
Download iOS App



