चंडीगढ़ : इंडियन नेशनल लोकदल की राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों, जिला, हलका एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को सम्बोधित करते हुए सांसद दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के युवाओं और किसानों के समक्ष समस्याओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए सरकार पर आरोप लगाया कि उसके द्वारा किसानों पर तीन दिशाओं से आक्रमण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ तो एसवाईएल नहर के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद जो न्यायोचित हिस्सा राज्य का नदियों के जल का बनता है, उसे प्रदेश के सूखे खेतों में पहुंचने से रोका जा रहा है तो दूसरी तरफ स्वामीनाथन कमीशन की सिफारिशों को लागू न कर किसानों को गरीबी, कर्ज और निराशा के कगार पर खड़ा कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस दोहरे हमले से भी संतुष्ट न होकर भाजपा ने अब किसानों पर जीएसटी के माध्यम से ट्रैक्टरों एवं अन्य कृषि उपकरणों पर टैक्स लगाकर उन्हें बर्बाद करने की दिशा में एक और कदम उठाया है।
दुष्यंत ने कहा कि समाज में एक बहुत बड़ा वर्ग युवाओं का है और इसलिए उन्हें राज्य के हितों की सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दिखानी होगी। इसी संदर्भ में इनेलो के युवा प्रकोष्ठ ने यह बीड़ा उठाया है कि वह हर सम्भव यत्न द्वारा हरियाणा को उसके हिस्से का नदी जल दिलवाकर रहेंगे ताकि उसके खेत सूखे न रहें। श्री दुष्यंत चौटाला ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को आश्वासन दिया कि इस दिशा और लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रदेश का युवावर्ग किसी से भी पीछे नहीं होगा।


Download Android App
Download iOS App



