Punjab News: गैंगस्टर बनकर रंगदारी मांगने के आरोप में मैकेनिक गिरफ्तार

Summary :

खुद को विदेश में रह रहा गैंगस्टर बताकर मोहाली की एक दवा कंपनी के मालिक से कथित तौर पर रंगदारी वसूली के प्रयास करने को लेकर एक एयर-कंडीशनर (एसी) मैकेनिक को गिरफ्तार किया गया।

खुद को विदेश में रह रहा गैंगस्टर बताकर मोहाली की एक दवा कंपनी के मालिक से कथित तौर पर रंगदारी वसूली के प्रयास करने को लेकर एक एयर-कंडीशनर (एसी) मैकेनिक को गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस के प्रमुख गौरव यादव ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) यादव ने कहा कि चंडीगढ़ की मलोया कॉलोनी निवासी सूरज (20) को यहां वेरका चौक से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह आनंदपुर साहिब के गांव मांगेवाल निवासी अपने सहयोगी मनदीप सिंह (32) के साथ मोटरसाइकिल पर रंगदारी वसूलने जा रहा था। सूरज के सहयोगी मनदीप को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की। पुलिस ने कहा कि फार्मा कंपनी के मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें 30 दिसंबर को एक व्यक्ति का फोन आया, जो खुद को गैंगस्टर बता रहा था। फोन करने वाले ने रंगदारी के रूप में 30 लाख रुपये की मांग की और शिकायतकर्ता को समय पर राशि नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
डीजीपी यादव ने एक बयान में कहा कि शिकायत के बाद, मोहाली के ‘स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल’ (एसएसओसी) ने मामले की जांच शुरू की। एसएसओसी ने फोन करने वाले आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया, जो अपने सहयोगी मनदीप के व्हाट्सएप नंबर का इस्तेमाल कर रंगदारी मांग रहा था। उन्होंने कहा कि सूरज एसी मैकेनिक है, जबकि उसका सहयोगी मनदीप टैक्सी ड्राइवर है।

Desk Team