बीजेपी की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ जहर उगलने वाले अजमेर दरगाह के खादिम सलमान चिश्ती को गिरफ्तार कर लिया गया है। नुपुर शर्मा के बारे में भड़काऊ बयान का वीडियो वायरल होने पुलिस ने मंगलवार देर रात खादिम को अजमेर से गिरफ्तार कर लिया। वीडियो में खादिम ने नूपुर का सिर कलम करने वाले को अपना घर उपहार में देने की बात कही थी।
पुलिस ने बुधवार को बताया, “आरोपी सलमान चिश्ती को कल रात गिरफ्तार किया गया। वह दरगाह पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर है।” उल्लेखनीय है कि एक शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को इस खादिम के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अजमेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि आरोपी को खादिम मोहल्ले स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया और पुलिस थाने लाया गया।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया उसने यह कथित वीडियो नशे की हालत में बनाया, आगे जांच की जा रही है। वीडियो में चिश्ती ने कहा, “वह पैगंबर मोहम्मद का अपमान करने पर उसको खुले आम गोली मार देते।” चिश्ती ने वीडियो में कहा है, “जो कोई भी उस नुपुर शर्मा का सिर लाकर देगा वह उसे अपना घर दे देगा।”
Viral Video : अजमेर दरगाह के खादिम ने नशे में दिया भड़काऊ बयान, नूपुर शर्मा की गर्दन लाने पर देंगे इनाम
उन्होंने वीडियो में कहा ‘‘ आपको सभी मुस्लिम देशों को जवाब देना होगा। यह मैं अजमेर राजस्थान से कह रहा हूं और यह संदेश हुजूर ख्वाजा बाबा के दरबार से है।” उल्लेखनीय है कि 17 जून को अजमेर दरगाह के मुख्य द्वार से कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में हाल ही में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि यह वीडियो पहले से सोशल मीडिया पर प्रसारित था लेकिन उक्त गिरफ्तारियां उदयपुर में 28 जून को दर्जी कन्हैया लाल की हत्या के मामले के बाद की गईं।
इस बीच वीडियो की निंदा करते हुए अजमेर दरगाह के दीवान जैनुल आबेदीन अली खान के कार्यालय ने कहा कि आरोपी खादिम द्वारा वीडियो में व्यक्त किये गये इस तरह के संदेशो को दरगाह का संदेश नहीं माना जा सकता। कार्यालय ने कहा कि यह उनका अपना व्यक्तिगत बयान है और निंदनीय है।
उल्लेखनीय है कि उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड के मामले में दो मुख्य आरोपियों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) कर रहा है। बीजेपी ने एक टीवी चर्चा के दौरान पैगंबर मोहम्मद के प्रति टिप्पणी को लेकर अपनी प्रवक्ता नुपुर शर्मा को निलंबित कर दिया है। इस टिप्पणी से मुस्लिम समुदाय में रोष पैदा हो गया था।


Download Android App
Download iOS App



