मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रबी के सीजन में ज्यादा बुवाई की संभावना को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने के लिए पहले से ही तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। गहलोत ने बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों को उर्वरक उपलब्ध करवाने में कमी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस मानसून में हुई अच्छी वर्षा को देखते हुए रबी के सीजन में बुवाई बढ़ेगी, ऐसे में यूरिया का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए अभी से ही तैयारी रखी जाए और केन्द्र सरकार को पत्र लिखकर अतिरिक्त यूरिया की मांग की जाए ताकि बुवाई के सीजन में किसानों की जरूरत पूरी की जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले माह केन्द्र को पत्र लिखकर 50 हजार टन यूरिया अतिरिक्त मंगवाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 सितम्बर से शुरू हुई गिरदावरी में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हाल ही में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रदेश में फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कर उसके आधार पर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
प्रदेश में टिड्डी प्रकोप के बाद की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों पर छिड़काव के लिए अनुदान पर कीटनाशक उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नहीं हैं उनकी फसलों को टिड्डी दलों द्वारा पहुंचाए गए नुकसान का मुआवजा एनडीआरएफ के प्रावधानों के अनुसार दिया जाए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस साल 21 मई एवं 30 अगस्त को पाकिस्तान की ओर से आये टिड्डियों के दलों पर नियंत्रण कर लिया गया।


Download Android App
Download iOS App



