राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और राज्यपाल कल्याण सिंह और विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल कल्याण सिंह ने प्रदेश के लोगों के सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए अपने संदेश में कहा कि त्यौहार हमारे जीवन में उत्साह, ताजगी और उल्लास लाते हैं, इसलिए त्यौहारों को मिल-जुल कर मनाना चाहिए ताकि पूरे समाज का वातावरण सुखद एवं सौहार्दपूर्ण बना रहे।
इसी मौके वसुंधरा राजे ने अपने संदेश में कहा कि सूर्य के उत्तरायण होने तथा बसंत ऋतु के आगमन की खुशी पर मनाया जाने वाला यह पर्व जीवन में उमंग एवं उत्साह का संचार करता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सकारात्मक सोच के साथ कर्मशील होने तथा जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अपील की कि सुरक्षित पतंगबाजी करने के साथ ऐसी डोर का उपयोग करे, जिससे किसी व्यक्ति या पक्षी के जीवन को खतरा पैदा नहीं हो।
इसी तरह कैलाश मेघवाल ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय धार्मिक परम्परा में मकर संक्रांति का विशेष महत्व है, क्योंकि इस दिन सूर्य धनु राशि को छोड़कर मकर राशि में प्रवेश कर उत्तरायण में आता है। शास्त्रों के अनुसार यह सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है इसीलिए इस दिन जप, तप, दान, स्नान, श्राद्ध और तर्पण का विशेष महत्व है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस दिन की महत्ता को समझकर अपनी ऊर्जा का प्रदेश के विकास के लिए सकारात्मक उपयोग करें।
विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह, सरकारी मुख्य सचेतक कालूलाल गुर्जर एवं सरकारी उप मुख्य सचेतक मदन राठौड़ ने भी प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



